निर्जला एकादशी पर निकली भव्य निशान यात्रा, ‘हारे का सहारा बाबा श्याम हमारा’ के जयकारों से गूंजा रानीगंज

रानीगंज। निर्जला एकादशी के पावन अवसर पर रानीगंज श्याम बाल मंडल के तत्वावधान में आयोजित भव्य निशान यात्रा ने पूरे शहर को भक्तिमय वातावरण में सराबोर कर दिया। श्रद्धा, भक्ति और उत्साह से ओतप्रोत इस विशाल धार्मिक शोभायात्रा में हजारों श्याम भक्तों ने भाग लेकर बाबा श्याम के प्रति अपनी अटूट आस्था प्रकट की। यात्रा के दौरान पूरा रानीगंज ‘हारे का सहारा, बाबा श्याम हमारा’ तथा ‘जय श्री श्याम’ के गगनभेदी जयकारों से गुंजायमान हो उठा। निशान यात्रा का शुभारंभ श्री सीताराम जी मंदिर से विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुआ। इसके पश्चात श्रद्धालुओं का विशाल जत्था हाथों में रंग-बिरंगे निशान लिए भक्ति गीतों और भजनों की मधुर स्वर लहरियों के बीच श्री श्याम मंदिर रानीगंज धाम की ओर प्रस्थान किया। यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। महिलाएं, पुरुष, युवा और बच्चे बड़ी संख्या में इसमें शामिल हुए तथा पूरे मार्ग में भक्ति रस में डूबे नजर आए।यात्रा की विशेष आकर्षण बाबा श्याम की मनमोहक एवं सुसज्जित झांकी रही, जिसने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। झांकी के दर्शन के लिए मार्ग के दोनों ओर बड़ी संख्या में लोग खड़े दिखाई दिए। ढप, मंजीरा और अन्य पारंपरिक वाद्य यंत्रों की धुन पर श्याम भक्त नृत्य करते हुए आगे बढ़ते रहे। भजनों की गूंज और भक्तों के जयकारों से पूरा वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से भर उठा। निशान यात्रा के मार्ग में विभिन्न स्थानों पर स्थानीय नागरिकों, सामाजिक संगठनों एवं व्यापारिक प्रतिष्ठानों द्वारा श्रद्धालुओं का भव्य स्वागत किया गया। अनेक स्थानों पर पुष्पवर्षा कर यात्रा का अभिनंदन किया गया तथा श्रद्धालुओं के लिए शीतल पेयजल एवं प्रसाद वितरण की व्यवस्था भी की गई। इससे यात्रा का धार्मिक और सामाजिक महत्व और अधिक बढ़ गया। रानीगंज श्याम बाल मंडल के पदाधिकारियों ने बताया कि निर्जला एकादशी के अवसर पर आयोजित इस निशान यात्रा का मुख्य उद्देश्य समाज में धार्मिक, सांस्कृतिक एवं नैतिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा युवा पीढ़ी को भारतीय आध्यात्मिक परंपराओं से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि बाबा श्याम की कृपा और भक्तों के सहयोग से यह आयोजन प्रत्येक वर्ष भव्य स्वरूप में संपन्न होता है। कार्यक्रम के सफल आयोजन में श्याम बाल मंडल के सचिव पवन केजरीवाल सहित पप्पू मटोलिया, मुरारीलाल जोशी, बृजेश अग्रवाल, संदीप शर्मा, पिनु शर्मा, विकास मारोदिया, सांवरमल सिंघानिया, विकास सतनालिका, राहुल केजरीवाल, दीपक झुनझुनवाला, अनूप झुनझुनवाला, वेदांत केडिया तथा अन्य सदस्यों ने सक्रिय भूमिका निभाई। इसके अलावा बड़ी संख्या में श्याम प्रेमियों और श्रद्धालुओं की उपस्थिति ने आयोजन की भव्यता को और बढ़ा दिया। निशान यात्रा के सफल आयोजन के बाद पूरे रानीगंज क्षेत्र में धार्मिक उल्लास और उत्सव का वातावरण देखने को मिला। श्रद्धालुओं ने बाबा श्याम से सुख, समृद्धि और कल्याण की कामना की तथा आयोजन की भव्यता की सराहना करते हुए इसे क्षेत्र की धार्मिक परंपराओं को सुदृढ़ करने वाला महत्वपूर्ण आयोजन बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *