
रेल परियोजनाओं, विस्थापन, ट्रेन ठहराव और यात्री सुविधाओं के विस्तार हेतु सौंपा विस्तृत ज्ञापन
रानीगंज। रानीगंज विधानसभा क्षेत्र में रेलवे सुविधाओं के विस्तार तथा आधारभूत संरचना के विकास को गति देने के उद्देश्य से विधायक अधिवक्ता पार्थो घोष ने ईस्टर्न रेलवे के महाप्रबंधक (जीएम) मिलिंद देवस्कर से मुलाकात कर क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं एवं विकास संबंधी मांगों को लेकर एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा। बैठक में रेलवे परियोजनाओं, यात्री सुविधाओं तथा क्षेत्रीय विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। मुलाकात के दौरान विधायक पार्थो घोष ने सबसे पहले रानीगंज के पूरन मॉल, लायकबांध तथा अंडाल स्टेशन के आसपास रेलवे की बेदखली कार्रवाई से प्रभावित परिवारों के प्रति मानवीय और सहानुभूतिपूर्ण दृष्टिकोण अपनाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों के साथ-साथ प्रभावित लोगों के हितों का संरक्षण भी समान रूप से आवश्यक है। विधायक ने क्षेत्र में लंबे समय से लंबित रेलवे परियोजनाओं को शीघ्र पूरा करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने उखरा और शंकरपुर में निर्माणाधीन रोड ओवर ब्रिज (आरओबी) के कार्य में तेजी लाने की मांग की, ताकि यातायात व्यवस्था सुगम हो सके और लोगों को आवागमन में होने वाली कठिनाइयों से राहत मिले। इसके साथ ही रानीगंज-बांकुरा रेल लाइन परियोजना को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने का अनुरोध किया। बैठक में उखरा रेलवे स्टेशन पर एमजीआर चेन्नई सुपरफास्ट एक्सप्रेस एवं वनांचल एक्सप्रेस के ठहराव की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई। वहीं रानीगंज स्टेशन पर भविष्य में चलने वाली वंदे भारत और जनशताब्दी एक्सप्रेस जैसी महत्वपूर्ण ट्रेनों के स्टॉपेज की आवश्यकता पर बल दिया गया। इसके अलावा अंडाल स्टेशन पर लंबी दूरी की प्रमुख ट्रेनों के ठहराव की मांग भी रखी गई, जिससे क्षेत्र के यात्रियों को बेहतर रेल सुविधाएं मिल सकें। विधायक पार्थो घोष ने अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत रानीगंज रेलवे स्टेशन के आधुनिकीकरण और यात्री सुविधाओं के व्यापक विस्तार की मांग करते हुए इसे आधुनिक एवं विश्वस्तरीय सुविधाओं से युक्त स्टेशन के रूप में विकसित करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि रानीगंज एक महत्वपूर्ण औद्योगिक एवं व्यावसायिक क्षेत्र है, इसलिए यहां बेहतर रेलवे अवसंरचना की आवश्यकता है। ज्ञापन में आसनसोल से कोलकाता तथा नई दिल्ली के लिए नई रेल सेवाएं शुरू करने की मांग भी शामिल थी। साथ ही वर्तमान में संचालित कुछ साप्ताहिक ट्रेनों को दैनिक सेवा में परिवर्तित करने का अनुरोध किया गया, ताकि यात्रियों को नियमित और सुविधाजनक रेल परिवहन उपलब्ध हो सके। बैठक के दौरान विधायक ने कहा कि रानीगंज, उखरा और अंडाल क्षेत्र औद्योगिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण हैं तथा प्रतिदिन लाखों लोग रोजगार, व्यापार, शिक्षा और अन्य आवश्यक कार्यों के लिए रेलवे पर निर्भर रहते हैं। ऐसे में रेलवे सुविधाओं का विस्तार क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने आशा व्यक्त की कि रेलवे प्रशासन क्षेत्र की जनभावनाओं और आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए इन मांगों पर सकारात्मक विचार करेगा तथा जल्द ही आवश्यक कदम उठाएगा। विधायक की इस पहल को रानीगंज क्षेत्र के समग्र विकास और बेहतर रेल संपर्क व्यवस्था की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास माना जा रहा है।
