
आसनसोल, 25 जून, 2026: सुरक्षा ढांचा को सुदृढ़ बनाने तथा सुरक्षा कर्मियों के कल्याणकारी उपायों को उन्नत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए पूर्व रेलवे ने आज आसनसोल मंडल के अंतर्गत रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के दो अत्याधुनिक बैरकों को आधिकारिक तौर पर समर्पित किया। रानीगंज में 20 से अधिक बिस्तरों वाला एक नवीन पुरुष आरपीएफ बैरक का उद्घाटन किया गया, जो रेलवे द्वारा अपने सुरक्षा बल के प्रति सम्मान एवं प्रतिबद्धता का प्रतीक है। इस महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचा परियोजना का नामकरण ” शहीद मोहम्मद जावेद खान बैरक” किया गया है। यह बैरक उच्च गुणवत्ता वाले आवास, आधुनिक सुविधाओं तथा आरपीएफ कर्मियों के लिए बेहतर आराम एवं सुविधा प्रदान करने हेतु पूर्ण रूप से सुसज्जित है। इसी के साथ आसनसोल में एक नवीन महिला आरपीएफ बैरक का भी उद्घाटन किया गया, जो महिला सुरक्षा कर्मियों के लिए सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
सम्मान एवं स्मरण की भावना के साथ इस बैरक को “शहीद अरुण कुमार सिंह महिला बैरक, आसनसोल” के रूप में समर्पित किया गया है।
इन दोनों अत्याधुनिक सुविधाओं का विधिवत उद्घाटन पूर्व रेलवे महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा श्रीमती सीमा देऊस्कर द्वारा पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक श्री मिलिंद देऊस्कर की गरिमामयी उपस्थिति में किया गया। इस अवसर पर रेलवे सुरक्षा बल के महानिरीक्षक-सह-प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त श्री अमिया नंदन सिन्हा, वरिष्ठ उप महाप्रबंधक श्री दीपक निगम, आसनसोल मंडल के मंडल रेल प्रबंधक श्री संग्रह मौर्य, पूर्व रेलवे के उप महाप्रबंधक (सामान्य) एवं मुख्य जनसंपर्क अधिकारी श्री शिबराम माझि तथा पूर्व रेलवे महिला कल्याण संगठन के अन्य विशिष्ट पदाधिकारी एवं सदस्य भी उपस्थित थे। इस शुभ अवसर को स्मरणीय बनाने तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों ने बैरक परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम में भी भाग लिया।

यह दिन भावनात्मक दृष्टि से भी अत्यंत महत्वपूर्ण रहा, क्योंकि पूर्व रेलवे ने अपने वीर शहीदों के परिवारों को सम्मानित किया। शहीद मोहम्मद जावेद खान की पत्नी श्रीमती शमीमा खान तथा शहीद अरुण कुमार सिंह की पत्नी श्रीमती उमा देवी सिंह को विशेष अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया। पूर्व रेलवे महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा श्रीमती सीमा देऊस्कर ने दोनों को उनके परिवारों द्वारा राष्ट्र एवं रेलवे सुरक्षा के लिए दिए गए सर्वोच्च बलिदान के सम्मान में औपचारिक रूप से सम्मानित किया। इन समर्पणों के महत्व को रेखांकित करते हुए पूर्व रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी श्री शिबराम माझि ने कहा कि इन नवीन सुविधाओं का नामकरण स्वर्गीय एएसआई जावेद खान एवं शहीद अरुण कुमार सिंह की अमिट विरासत, अदम्य साहस तथा पूर्व रेलवे की सुरक्षा में उनके अमूल्य योगदान के लिए एक स्थायी श्रद्धांजलि है,जिससे पूर्व रेलवे की सुरक्षा के प्रति उनके समर्पण को इतिहास में हमेशा के लिए दर्ज किया जा सके।

सुरक्षा कर्मियों के लिए अवसंरचनात्मक सुविधाओं के उन्नयन के अतिरिक्त यह दौरा मंडल में विभिन्न विकासात्मक परियोजनाओं की समीक्षा का भी महत्वपूर्ण अवसर रहा। दौरे के दौरान पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक श्री मिलिंद देऊस्कर ने रानीगंज यार्ड के व्यापक पुनर्विकास योजना पर उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। उन्होंने प्रगति पर चल रही योजनाओं, रूपरेखाओं तथा परिचालन मानकों का अवलोकन करते हुए कहा कि यार्ड एवं स्टेशन क्षेत्र के आधुनिकीकरण से माल परिवहन क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी, यात्री सुविधाओं में सुधार आएगा तथा इस महत्वपूर्ण औद्योगिक क्षेत्र में रेल परिचालन और अधिक सुगम एवं दक्ष बनेगा।
