महिला सहायता केंद्र का स्वागत:मारवाड़ी युवा मंच की महिला शाखा ‘देवी शक्ति’ ने रानीगंज थाने के पुलिसकर्मियों को किया सम्मानित

रनिगंज। रनिगंज थाना परिसर में हाल ही में शुरू किए गए महिला सहायता केंद्र का स्वागत करते हुए मारवाड़ी युवा मंच की महिला शाखा ‘देवी शक्ति’ ने मंगलवार को थाना के पुलिस अधिकारियों एवं महिला पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया। इस अवसर पर संगठन की सदस्याओं ने महिला सहायता केंद्र की इंचार्ज मीता मंडल, महिला कांस्टेबलों तथा रनिगंज थाना के प्रभारी (आईसी) सुबीर कर्मकार को उत्तरीय एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मान प्रदान किया। ज्ञात हो कि आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के पुलिस कमिश्नर डॉ. प्रणब कुमार (आईपीस) के द्वारा कुछ दिन पूर्व ही रनिगंज थाना में महिला सहायता केंद्र का उद्घाटन किया गया था। केंद्र के शुरू होने के बाद से ही क्षेत्र की महिलाओं के बीच इसे लेकर सकारात्मक प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है। महिलाओं को अपनी समस्याएं और शिकायतें सुरक्षित वातावरण में रखने के लिए यह केंद्र एक महत्वपूर्ण मंच के रूप में उभर रहा है।
इस अवसर पर देवी शक्ति की महिला अध्यक्ष दीप्ति साराफ ने कहा कि कई बार महिलाएं अपनी व्यक्तिगत समस्याओं, उत्पीड़न अथवा अन्य शिकायतों को पुरुष पुलिस अधिकारियों के समक्ष रखने में संकोच महसूस करती हैं। महिला सहायता केंद्र शुरू होने से अब महिलाएं सीधे महिला पुलिस अधिकारियों के समक्ष अपनी बात रख सकेंगी, जिससे शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया अधिक सरल और सहज होगी। साथ ही उन्हें त्वरित एवं उचित सहायता मिलने की भी उम्मीद बढ़ेगी। उन्होंने कहा, “रनिगंज थाना में महिला सहायता केंद्र शुरू होने से हमारे लिए अत्यंत हर्ष और गर्व का विषय है। यह केवल एक प्रशासनिक सुविधा नहीं, बल्कि महिलाओं के लिए एक सुरक्षित और भरोसेमंद स्थान है, जहां वे बिना किसी झिझक के अपनी समस्याएं साझा कर सकेंगी और आवश्यक सहयोग प्राप्त कर सकेंगी।” कार्यक्रम के दौरान उपस्थित वक्ताओं ने महिला सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को लेकर पुलिस प्रशासन द्वारा उठाए गए इस कदम की सराहना की। उन्होंने कहा कि महिला सहायता केंद्र महिलाओं को न्याय दिलाने और उनकी समस्याओं के समाधान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इस मौके पर शिखा सराफ,कुमकुम शर्मा,शिखा केडिया,राजेश जिंदल, श्यामसुंदर जालान, आयुष झुनझुनवाला सहित मारवाड़ी युवा मंच के अन्य सदस्य एवं सदस्याएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से महिला सुरक्षा और महिला सशक्तिकरण के प्रति समाज एवं प्रशासन की संयुक्त प्रतिबद्धता का संदेश भी दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *