
कोलकाता। मैथन एलॉयज़ लिमिटेड के सहयोग से अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहीं भारतीय मुक्केबाज़ मीनाक्षी हुड्डा ने चीन में आयोजित विश्व बॉक्सिंग कप में शानदार सफलता हासिल करते हुए सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है। उन्होंने क्वार्टर फाइनल मुकाबले में कज़ाखस्तान की दिग्गज मुक्केबाज़ और विश्व रैंकिंग में दूसरे स्थान पर काबिज अलुआ बल्किबेकोवा को पराजित कर यह महत्वपूर्ण उपलब्धि अपने नाम की।
अलुआ बल्किबेकोवा दो बार की विश्व चैंपियन तथा तीन बार की एशियाई चैंपियन रह चुकी हैं। ऐसे में उनके खिलाफ मीनाक्षी की यह जीत भारतीय मुक्केबाज़ी के लिए एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है। इस शानदार प्रदर्शन के साथ मीनाक्षी ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा और संघर्षशीलता का परिचय दिया है।
48 किलोग्राम वर्ग में विश्व की नंबर-1 मुक्केबाज़ मीनाक्षी हुड्डा ने ओलंपिक भार वर्ग में बदलाव के चलते 51 किलोग्राम वर्ग में भारत का प्रतिनिधित्व किया है। नए भार वर्ग में भी उनका उत्कृष्ट प्रदर्शन यह साबित करता है कि वे विश्व मुक्केबाज़ी की अग्रणी खिलाड़ियों में शामिल हैं। उनकी कड़ी मेहनत, समर्पण और अदम्य आत्मविश्वास ने भारतीय खेल जगत को गौरवान्वित किया है।
अपनी इस उल्लेखनीय सफलता पर मीनाक्षी हुड्डा ने मैथन एलॉयज़ लिमिटेड के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक सुभाष अग्रवाला के प्रति विशेष आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि अग्रवाला का निरंतर मार्गदर्शन, सहयोग और प्रोत्साहन उनके लिए प्रेरणा का स्रोत रहा है, जिसके बल पर उन्हें विश्व मंच पर देश का प्रतिनिधित्व करने और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने का अवसर मिला।
मीनाक्षी हुड्डा की इस ऐतिहासिक उपलब्धि से पूरे देश, हरियाणा राज्य तथा मैथन एलॉयज परिवार में हर्ष और गर्व का माहौल है। खेल प्रेमियों को अब उनसे फाइनल तक पहुंचकर भारत के लिए एक और गौरवपूर्ण अध्याय लिखने की उम्मीद है।
