
कोलकाता, 17 जून। पुनर्वास की व्यवस्था किए बिना हाकरों को हटाए जाने के विरोध में तृणमूल कांग्रेस ने बुधवार को कोलकाता के धर्मतला में बड़ा विरोध प्रदर्शन आयोजित किया। कार्यक्रम का नेतृत्व पार्टी प्रमुख एवं पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने किया। प्रदर्शन में कोलकाता और आसपास के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में हाकरों तथा हाकर संगठनों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।
हाल के दिनों में चलाए गए बेदखली अभियानों को लेकर हाकरों के बीच नाराजगी और चिंता बढ़ी है। तृणमूल कांग्रेस का आरोप है कि फुटपाथों और सड़क किनारे छोटे व्यवसायों पर निर्भर हजारों परिवारों की आजीविका इन अभियानों से प्रभावित हो रही है। पार्टी का कहना है कि वैकल्पिक पुनर्वास की व्यवस्था किए बिना किसी भी प्रकार की बेदखली मानवीय और सामाजिक दृष्टि से उचित नहीं है।
धर्मतला में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए तृणमूल नेताओं ने कहा कि यह केवल राजनीतिक विरोध का कार्यक्रम नहीं, बल्कि आजीविका और पुनर्वास के अधिकार की लड़ाई है। पार्टी का दावा है कि छोटे कारोबारियों और हाकरों के हितों की रक्षा के लिए यह आंदोलन जारी रहेगा।
कार्यक्रम में तृणमूल कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। कमरहाटी के विधायक मदन मित्र भी मंच पर उपस्थित थे। प्रदर्शन के दौरान हाकरों ने पुनर्वास सुनिश्चित किए बिना किसी भी बेदखली अभियान का विरोध करते हुए अपनी मांगों के समर्थन में नारे लगाए।
