1008 मुनिसुव्रतनाथ दिगंबर जैन ट्रस्ट ने “स्वच्छता से स्वागत” के समर्थन में विशेष स्वच्छता अभियान आयोजित


कोलकाता, 17 जून 2026: पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी द्वारा शुरू किए गए “स्वच्छता से स्वागत” के आह्वान के समर्थन में श्री 1008 मुनिसुव्रतनाथ दिगंबर जैन ट्रस्ट ने मंगलवार सुबह 8 बजे विशेष स्वच्छता अभियान आयोजित किया। ट्रस्ट के अध्यक्ष विनोद कुमार जैन (काला), उपाध्यक्ष महेन्द्र कुमार जैन पाण्ड्या, सचिव सीए कमल नयन जैन और संयोजक सुरेश पाटनी के नेतृत्व में ट्रस्ट के सदस्य, युवा, महिलाएं, वरिष्ठ नागरिक और स्थानीय निवासी बड़ी संख्या में शामिल हुए और क्षेत्र को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने का संदेश दिया।


अभियान के दौरान आसपास की सड़कों, गलियों, फुटपाथों, सार्वजनिक स्थलों और परिसरों की सफाई की गई। उपस्थित स्वयंसेवकों ने श्रमदान करते हुए स्थानीय लोगों को स्वच्छता के महत्व के प्रति जागरूक किया तथा बताया कि स्वच्छता केवल प्रशासन का कार्य नहीं बल्कि हर नागरिक की जिम्मेदारी है।
अध्यक्ष विनोद कुमार जैन (काला) ने कहा कि मुख्यमंत्री का “स्वच्छता से स्वागत” अभियान समाज को सकारात्मक दिशा देने वाला है। उन्होंने जनभागीदारी के बिना किसी भी स्वच्छता अभियान की सफलता संभव नहीं होने पर जोर दिया और सभी प्रतिभागियों के उत्साह व सेवा-भाव की सराहना की। उपाध्यक्ष महेन्द्र कुमार जैन पाण्ड्या ने कहा कि स्वच्छता हमारे संस्कारों और सामाजिक चेतना का प्रतिबिंब है और इसे केवल एक दिन तक सीमित न रखकर दैनिक जीवन का भाग बनाना चाहिए। सचिव सीए कमल नयन जैन ने अभियान का उद्देश्य केवल सफाई नहीं बल्कि स्थायी जागरूकता और जिम्मेदारी की भावना उत्पन्न करना बताया।


इस कार्यक्रम में ट्रस्ट के ट्रस्टियों, उनके परिजनों, जैन समाज के प्रबुद्ध नागरिकों, युवाओं और महिलाओं की उल्लेखनीय भागीदारी रही। सभी स्वयंसेवकों ने अनुशासन और सेवा-भाव के साथ श्रमदान कर यह संदेश दिया कि समाज जब स्वयं आगे बढ़कर जिम्मेदारी निभाता है तो परिवर्तन दिखाई पड़ता है।
अभियान के समापन पर उपस्थित नागरिकों ने संयुक्त रूप से संकल्प लिया:
हम सभी न गंदगी करेंगे, न किसी को करने देंगे।”
“स्वच्छता को अपनी दिनचर्या की आदत बनाएंगे और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करेंगे।”


ट्रस्ट ने अभियान में सहयोग देने वाले सभी नागरिकों, स्वयंसेवकों और स्थानीय निवासियों का हार्दिक आभार व्यक्त किया और भविष्य में भी इस तरह के जनहितकारी एवं सामाजिक जागरूकता से जुड़े कार्यक्रम आयोजित करने की प्रतिबद्धता दोहराई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *