*वैध चालान के बावजूद अवैध वसूली का आरोप, ट्रैक्टर मालिकों ने बीएल एंड एलआरओ कार्यालय के समक्ष किया प्रदर्शन

दुर्गापुर । वैध दस्तावेज और चालान होने के बावजूद अवैध रूप से धन उगाही किए जाने तथा विरोध करने पर मारपीट का आरोप लगाते हुए दुर्गापुर के कांकसा क्षेत्र के विभिन्न ट्रैक्टर मालिकों ने मंगलवार को बीएल एंड एलआरओ (भूमि एवं भूमि राजस्व विभाग) कार्यालय के समक्ष जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाते हुए मामले में तत्काल हस्तक्षेप और निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शनकारी ट्रैक्टर मालिकों का आरोप है कि वे सरकार द्वारा निर्धारित सभी नियमों का पालन करते हुए वैध चालान के आधार पर बालू परिवहन एवं व्यवसाय कर रहे हैं। इसके बावजूद उन्हें अनावश्यक रूप से परेशान किया जा रहा है और अवैध रूप से धन देने के लिए दबाव बनाया जा रहा है। ट्रैक्टर मालिकों के अनुसार सोमवार रात शोकना गांव के कुछ लोगों ने कथित रूप से उनके ट्रैक्टरों को रास्ते में रोक लिया और परिवहन संबंधी दस्तावेजों की जांच करने लगे। आरोप है कि वैध चालान और आवश्यक कागजात दिखाए जाने के बावजूद ट्रैक्टरों को जाने नहीं दिया गया तथा उन्हें घंटों तक रोककर रखा गया। इतना ही नहीं, कुछ ट्रैक्टर मालिकों और चालकों के साथ मारपीट किए जाने का भी आरोप लगाया गया है। पीड़ितों का कहना है कि घटना के बाद मंगलवार सुबह वे न्याय की मांग को लेकर कांकसा थाने पहुंचे और पुलिस प्रशासन को पूरे मामले की जानकारी दी। इसके बाद भूमि एवं भूमि राजस्व विभाग के अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और संबंधित ट्रैक्टरों को अपने नियंत्रण में ले लिया। ट्रैक्टर मालिकों का आरोप है कि जब वे अपने वाहनों को छुड़ाने के लिए बीएल एंड एलआरओ कार्यालय पहुंचे तो उन्हें स्पष्ट जवाब देने के बजाय विभिन्न प्रकार के बहाने बनाए गए। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि कुछ स्थानीय लोग कथित रूप से जबरन धन उगाही करने का प्रयास कर रहे हैं और दावा कर रहे हैं कि उन्हें प्रभावशाली राजनीतिक संरक्षण प्राप्त है। आरोप है कि ट्रैक्टरों को छोड़ने के बदले प्रति वाहन दो हजार रुपये नकद देने तथा ट्रैक्टरों में लदे बालू को खाली करने की शर्त रखी गई। ट्रैक्टर मालिकों ने सवाल उठाया कि जब उनके पास सभी वैध दस्तावेज मौजूद हैं तो फिर उनसे किसी प्रकार की राशि क्यों मांगी जा रही है। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराने, दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा उनके ट्रैक्टरों को तत्काल मुक्त करने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र ध्यान नहीं दिया गया तो आने वाले दिनों में वे व्यापक आंदोलन शुरू करने को बाध्य होंगे।बीएल एंड एलआरओ कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन की सूचना मिलते ही कांकसा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों की शिकायतें सुनीं तथा मामले की जांच का आश्वासन दिया। इस घटना को लेकर क्षेत्र में काफी चर्चा है और बालू परिवहन व्यवसाय से जुड़े लोगों में भी असंतोष देखा जा रहा है। अब सभी की नजर प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर टिकी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *