
जामुड़िया। जामुड़िया विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत ईसीएल के केंदा एरिया के छोरा 7/9 पिट कोलियरी क्षेत्र में स्थित प्राचीन शिव मंदिर के पुनर्निर्माण को लेकर एक बार फिर उम्मीद की किरण जगी है। पिछले लगभग 15 वर्षों से धनाभाव और प्रशासनिक उपेक्षा के कारण अधर में लटका मंदिर निर्माण कार्य अब स्थानीय लोगों एवं भाजपा कार्यकर्ताओं की पहल से पुनः शुरू होने जा रहा है। मंगलवार को अमावस्या के पावन अवसर पर विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मंदिर के पुनर्निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया। स्थानीय लोगों के अनुसार यह शिव मंदिर क्षेत्र के श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र रहा है। वर्षों पूर्व मंदिर के जीर्णोद्धार एवं विस्तार की योजना बनाई गई थी, लेकिन आवश्यक वित्तीय सहयोग और प्रशासनिक पहल के अभाव में निर्माण कार्य बीच में ही रुक गया। इसके चलते मंदिर का स्वरूप अधूरा रह गया और श्रद्धालुओं को निराशा का सामना करना पड़ा। इस अवसर पर भाजपा के जिला सचिव रवींद्र यादव ने कहा कि बीते कई वर्षों से मंदिर निर्माण का कार्य अधूरा पड़ा हुआ था। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व सत्ताधारी दल के नेताओं ने मंदिर निर्माण को लेकर केवल आश्वासन दिए, लेकिन धरातल पर कोई ठोस पहल नहीं की गई। उन्होंने कहा कि राजनीतिक कारणों से इस महत्वपूर्ण धार्मिक परियोजना की उपेक्षा की गई, जिससे क्षेत्र के श्रद्धालुओं की भावनाएं आहत हुईं। रवींद्र यादव ने कहा कि अब स्थानीय नागरिकों, श्रद्धालुओं और भाजपा कार्यकर्ताओं ने मिलकर मंदिर निर्माण को पूरा कराने का संकल्प लिया है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि जनसहयोग, सामाजिक सहभागिता और धार्मिक आस्था के बल पर शीघ्र ही मंदिर का निर्माण कार्य पूर्ण कर लिया जाएगा। मंदिर निर्माण अभियान को उस समय महत्वपूर्ण बल मिला जब ईसीएल के सेवानिवृत्त कर्मचारी जय नारायण नोनिया ने मंदिर पुनर्निर्माण के लिए 51 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की। उनकी इस प्रेरणादायी पहल की क्षेत्रवासियों ने सराहना की और इसे धार्मिक एवं सामाजिक उत्तरदायित्व का उत्कृष्ट उदाहरण बताया। श्रद्धालुओं का मानना है कि उनके सहयोग से अन्य लोग भी मंदिर निर्माण के लिए आगे आएंगे।
मंदिर निर्माण समिति के सदस्यों ने बताया कि मंदिर का निर्माण पूर्ण होने के बाद भव्य उद्घाटन समारोह आयोजित किया जाएगा। साथ ही श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पेयजल, शौचालय तथा अन्य आवश्यक बुनियादी सुविधाओं की भी व्यवस्था की जाएगी, ताकि दूर-दराज से आने वाले भक्तों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
पुनर्निर्माण कार्य के शुभारंभ के अवसर पर क्षेत्र की महिलाओं द्वारा शिव चर्चा एवं भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव की पूजा-अर्चना कर मंदिर निर्माण कार्य के सफल एवं शीघ्र पूर्ण होने की कामना की।
इस अवसर पर मंदिर निर्माण समिति के सदस्य प्रशांत बाउरी, पप्पू सिंह, बबलू मंडल, उत्तम बाउरी, संदीप नोनिया, विशाल मंडल, गोपाल सिंह सहित बड़ी संख्या में स्थानीय श्रद्धालु एवं गणमान्य लोग उपस्थित थे। सभी ने एक स्वर में संकल्प लिया कि मंदिर के भव्य निर्माण एवं विकास कार्य में वे अपना पूर्ण सहयोग प्रदान करेंगे और क्षेत्र की इस आस्था की धरोहर को पुनः भव्य स्वरूप दिलाने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे।
