
वर्षों पुरानी जाम और अव्यवस्था की समस्या दूर करने की पहल, कड़ी सुरक्षा के बीच हटाए गए अवैध ढांचे
आसनसोल। शहर के प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्र हटन रोड से इस्माईल मोड़ तक सोमवार को प्रशासन और नगर निगम ने संयुक्त रूप से व्यापक अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया। लंबे समय से जाम, अव्यवस्थित यातायात और सड़क किनारे फैले अवैध कब्जों से परेशान लोगों को राहत देने के उद्देश्य से यह कार्रवाई की गई।
हटन रोड और इस्माईल मोड़ के बीच सड़क के दोनों ओर वर्षों से अस्थायी दुकानों और अवैध निर्माणों का विस्तार हो गया था। स्थिति ऐसी बन गई थी कि पैदल चलने वालों से लेकर वाहन चालकों तक को रोजाना भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। विभिन्न समय पर कई प्रयास किए गए, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं निकल पाया था।
नगर निगम ने अभियान शुरू करने से पहले संबंधित लोगों को नोटिस जारी कर स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाने का अवसर दिया था। चेतावनी के बाद कुछ लोगों ने अपने ढांचे स्वयं हटाने शुरू कर दिए थे। इसके बाद पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सोमवार सुबह नगर निगम की टीम बुलडोजर और अन्य मशीनों के साथ मौके पर पहुंची तथा पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा बलों की निगरानी में अभियान शुरू किया गया।
कार्रवाई के दौरान पूरे इलाके में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए पुलिसकर्मी विभिन्न चौराहों और मार्गों पर तैनात रहे। अभियान के तहत सड़क किनारे बने अस्थायी निर्माण, अवैध दुकानें और अन्य अतिक्रमण हटाए गए।
अभियान को देखने के लिए बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौके पर एकत्र हुए। कई लोगों ने इसे शहर के हित में उठाया गया आवश्यक कदम बताया और उम्मीद जताई कि इससे जाम की समस्या में कमी आएगी तथा सड़कें अधिक व्यवस्थित और सुरक्षित बनेंगी। वहीं प्रभावित व्यापारियों और दुकानदारों में चिंता और नाराजगी भी देखने को मिली।
नगर निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शहर को व्यवस्थित, स्वच्छ और यातायात के अनुकूल बनाने के लिए अतिक्रमण के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थानों और सड़कों पर अवैध कब्जों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
अधिकारियों का मानना है कि इस कार्रवाई के बाद न केवल यातायात व्यवस्था में सुधार होगा, बल्कि शहर की सौंदर्यता और नागरिक सुविधाओं में भी सकारात्मक बदलाव देखने को मिलेगा।
