
जलपाईगुड़ी, 15 जून । राज्य सरकार की पहल पर सोमवार से जनकल्याण शिविरों की शुरुआत हो गई। इसी क्रम में जलपाईगुड़ी जिले के राजगंज विधानसभा क्षेत्र में पहले दिन ही भारी भीड़ देखने को मिली। राजगंज बीडीओ कार्यालय के पास स्थित फायर ब्रिगेड ग्राउंड में आयोजित इस शिविर में सुबह से ही बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे है।
प्रशासन की ओर से कुल 20 कैंपों के माध्यम से 54 प्रकार की सरकारी सेवाएं उपलब्ध कराई गई। इनमें आयुष्मान भारत योजना के काउंटर पर सबसे अधिक भीड़ देखी गई। विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने के लिए आम लोगों में खासा उत्साह नजर आया।
शिविर का निरीक्षण करने राजगंज के भाजपा विधायक दिनेश सरकार पहुंचे। उन्होंने विभिन्न सेवा केंद्रों का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और आम लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याओं और सुविधाओं की जानकारी भी ली।
प्रशासन के अनुसार, इन शिविरों का उद्देश्य सरकारी सेवाओं को सीधे लोगों तक पहुंचाना और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान करना है।
