अलीपुर में सरकारी दफ्तर में आग, प्रशासन ने दर्ज कराई शिकायत

 

कोलकाता, 11 जून । अलीपुर के दक्षिण 24 परगना जिला परिषद कार्यालय में लगी आग की घटना ने नया मोड़ ले लिया है। आग किस वजह से लगी—इसको लेकर सवाल उठने लगे है। इस बीच दक्षिण 24 परगना के अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट (एडीएम) ने अलीपुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना के करीब 24 घंटे बाद भी आग पूरी तरह से काबू में आने की पुष्टि नहीं हुई है। भले ही लपटें दिखाई नहीं दे रहीं, लेकिन अंदर ही अंदर आग सुलगने की आशंका बनी हुई है। इसी वजह से गुरुवार सुबह भी दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंची और पूरे परिसर का निरीक्षण किया। आग के वास्तविक कारण का पता लगाने के लिए फॉरेंसिक विशेषज्ञों को बुलाया गया है। सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

मौके पर पहुंचे दमकल राज्य मंत्री कौशिक चौधरी ने कहा कि चौथी मंजिल से आग का ऊपरी मंजिलों तक पहुंचना हैरान करने वाला है। उन्होंने बताया कि नौवीं और 10वीं मंजिल तक आग कैसे पहुंची, यह स्पष्ट नहीं है। इन मंजिलों पर रखे ईवीएम भी जलकर नष्ट हो गए है। उन्होंने आशंका जताई कि यह सामान्य आग नहीं लगती और इसमें किसी साजिश की भी जांच की जा रही है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *