
अग्निमित्रा पॉल ने प्रधानमंत्री के 12 वर्षों के नेतृत्व को बताया ऐतिहासिक, कहा— मोदी के नेतृत्व में भारत ने विश्व पटल पर बनाई नई पहचान
कोलकाता/गुवाहाटी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर पश्चिम बंगाल की महिला एवं शिशु कल्याण तथा शहरी विकास, नगर निगम मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने बुधवार को असम के गुवाहाटी स्थित प्रसिद्ध शक्तिपीठ कामाख्या मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु तथा राष्ट्रसेवा के लिए निरंतर शक्ति और ऊर्जा की कामना करते हुए मां कामाख्या से आशीर्वाद मांगा। पूजा-अर्चना के उपरांत अग्निमित्रा पॉल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के सर्वोच्च लोकतांत्रिक पद पर रहते हुए सफलतापूर्वक 12 वर्षों का कार्यकाल पूरा कर भारतीय राजनीति और प्रशासनिक नेतृत्व में एक महत्वपूर्ण अध्याय जोड़ा है। उन्होंने कहा कि यह केवल एक राजनीतिक उपलब्धि नहीं, बल्कि देशवासियों के विश्वास, जनसमर्थन और प्रधानमंत्री के समर्पित नेतृत्व का प्रतीक है। मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने विकास के विभिन्न क्षेत्रों में अभूतपूर्व प्रगति दर्ज की है। चाहे आधारभूत संरचना का विस्तार हो, डिजिटल इंडिया अभियान, आर्थिक सुधार, आत्मनिर्भर भारत की अवधारणा या फिर अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत की बढ़ती प्रतिष्ठा— हर क्षेत्र में देश ने उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। अग्निमित्रा पॉल ने कहा कि आज भारत विश्व समुदाय के सामने एक मजबूत, आत्मनिर्भर और निर्णायक राष्ट्र के रूप में उभरकर सामने आया है। प्रधानमंत्री मोदी की दूरदर्शी सोच और नेतृत्व क्षमता ने देश को नई दिशा और नई गति प्रदान की है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है, जिससे करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है। उन्होंने बताया कि कामाख्या मंदिर में मां कामाख्या के चरणों में विशेष प्रार्थना करते हुए उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ एवं दीर्घ जीवन की कामना की है। साथ ही यह भी प्रार्थना की कि वे भविष्य में भी उसी दृढ़ निश्चय, साहस और समर्पण के साथ राष्ट्र निर्माण के कार्यों को आगे बढ़ाते रहें तथा विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में देश का मार्गदर्शन करते रहें। मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने अनेक ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं और विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले वर्षों में भी देश इसी गति से आगे बढ़ेगा और वैश्विक स्तर पर अपनी मजबूत पहचान को और सुदृढ़ करेगा। कार्यक्रम के अंत में उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उनके 12 वर्षों के सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मां कामाख्या का आशीर्वाद उन पर सदैव बना रहे और वे निरंतर राष्ट्रहित में कार्य करते रहें।
