हावड़ा में ग्रामीण रोजगार परियोजना का शुभारंभ, मंत्री दिलीप घोष ने खुद की नहर की सफाई

कोलकाता , 09 जून । राज्य के पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री दिलीप घोष ने मंगलवार को हावड़ा जिले के उलूबेड़िया-II ब्लॉक के ज्वारगोड़ी गांव में नई ग्रामीण रोजगार योजना वीबी-जी राम जी (विकसित भारत–रोजगार औरआजीविका मिशन ग्रामीण) का औपचारिक शुभारंभ किया। परियोजना के उद्घाटन के अवसर पर मंत्री स्वयं कोदाल लेकर नयाचा खाल (नहर) में उतरे और सफाई कार्य की शुरुआत की।
इस अवसर पर मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि इस नई योजना के तहत ग्रामीण श्रमिकों को वर्ष में 125 दिनों के रोजगार की गारंटी दी जाएगी। योजना का उद्देश्य ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करना और लोगों को स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध कराना है।

मंत्री ने कहा कि राज्य में भाजपा सरकार बनने के बाद हुई पहली कैबिनेट बैठक में वीबी-जी राम जी, केंद्रीय आवास योजना तथा प्रधानमंत्री सड़क योजना के कार्यों को मंजूरी दी गई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले चार वर्षों से भ्रष्टाचार के कारण कई विकास कार्य प्रभावित रहे और अनेक परियोजनाएं ठप पड़ी थीं।

उन्होंने बताया कि इस योजना के अंतर्गत दक्ष, अर्धदक्ष और अकुशल सभी श्रेणी के श्रमिकों को काम मिलेगा। सड़क निर्माण, खाल एवं जल निकासी तंत्र का पुनरुद्धार, शौचालय निर्माण तथा अन्य ग्रामीण अवसंरचना विकास कार्यों में बड़ी संख्या में लोगों को रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा।

दिलीप घोष ने विश्वास जताया कि यह योजना ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार सृजन के साथ-साथ आधारभूत संरचना के विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *