
कोलकाता, 08 जून । पश्चिम बंगाल में राज्य सरकार ने सोमवार को बड़ा प्रशासनिक कदम उठाते हुए पुलिस विभाग में व्यापक फेरबदल किया है। गृह एवं पर्वतीय मामलों के विभाग की अधिसूचना के अनुसार कुल 179 आईपीएस और पश्चिम बंगाल पुलिस सेवा (डब्ल्यूबीपीएस) अधिकारियों का तबादला किया गया है। इनमें 151 आईपीएस अधिकारी शामिल हैं।
राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद यह अब तक का सबसे बड़ा पुलिस पुनर्गठन माना जा रहा है। तबादलों की सूची में कोलकाता पुलिस आयुक्तालय से लेकर राज्य के विभिन्न जिलों और विशेष इकाइयों तक बड़े स्तर पर बदलाव किए गए हैं।
अधिसूचना के अनुसार, राजेश कुमार यादव और गौरव शर्मा को राज्य के विशेष कार्य बल (एसटीएफ) में पुलिस महानिरीक्षक (आईजीपी) नियुक्त किया गया है। वहीं, पूर्व बिधाननगर पुलिस आयुक्त मुरलीधर शर्मा को इंटेलिजेंस ब्रांच में आईजीपी के पद पर तैनात किया गया है।
कोलकाता पुलिस में भी कई महत्वपूर्ण पदों पर नई नियुक्तियां की गई हैं। कुणाल अग्रवाल को अपराध विभाग का अतिरिक्त पुलिस आयुक्त बनाया गया है, जबकि मुकेश को सशस्त्र पुलिस (कोलकाता) का नया आईजीपी नियुक्त किया गया है।
सिलीगुड़ी के पुलिस आयुक्त के रूप में सैयद वकार रजा को जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, जॉय बिस्वास को राज्य पुलिस के रेलवे आईजीपी के पद पर नियुक्त किया गया है।
कोलकाता पुलिस में यातायात विभाग के संयुक्त पुलिस आयुक्त के रूप में सूर्य प्रताप यादव को तैनात किया गया है, जबकि सौम्या रॉय को राज्य पुलिस के प्रवर्तन शाखा का वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बनाया गया है।
इसके अलावा कई उपायुक्त स्तर के अधिकारियों के भी तबादले किए गए हैं। इनमें ईशानी पॉल को दक्षिण-पश्चिम डिवीजन का डीसी, सायक दास को उत्तर डिवीजन, प्रवीन प्रकाश को केंद्रीय डिवीजन, शीबा प्रसाद पात्रा को भांगड़ डिवीजन, के यू गणपत को एसएसडी, वाई एस जगन्नाथराव को डिटेक्टिव डिपार्टमेंट तथा सुभिमल पॉल को ईएसडी का डीसी नियुक्त किया गया है।
जिलों में भी नई नियुक्तियां की गई हैं। चंद्र शेखर बर्धम को डायमंड हार्बर पुलिस जिले का पुलिस अधीक्षक बनाया गया है, जबकि के. सनी राज को पुरुलिया जिले का एसपी नियुक्त किया गया है।
सरकार के इस बड़े फेरबदल को राज्य प्रशासनिक ढांचे में व्यापक बदलाव के रूप में देखा जा रहा है।
