आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, कई थानों के प्रभारी बदले

आसनसोल। आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट (एडीपीसी) में पुलिस प्रशासन को अधिक गतिशील एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से व्यापक स्तर पर अधिकारियों का तबादला किया गया है। पुलिस आयुक्त द्वारा जारी आदेश के तहत कई थानों एवं पुलिस फाड़ियों के प्रभारी अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इस प्रशासनिक फेरबदल को कमिश्नरेट क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। जारी आदेश के अनुसार, आसनसोल उत्तर थाना के प्रभारी अधिकारी (ओसी) सब-इंस्पेक्टर सौमेन बनर्जी का तबादला कर उन्हें डिटेक्टिव डिपार्टमेंट (डीडी), एडीपीसी में नियुक्त किया गया है। उनकी जगह कन्यापुर फांड़ी के प्रभारी सब-इंस्पेक्टर मेघनाद मंडल को आसनसोल उत्तर थाना का नया प्रभारी अधिकारी बनाया गया है। मेघनाद मंडल अब शहर के महत्वपूर्ण थानों में से एक आसनसोल उत्तर थाना की कमान संभालेंगे। वहीं, आसनसोल उत्तर थाना में कार्यरत सब-इंस्पेक्टर सुमंगल सरकार को रूपनारायणपुर फांड़ी का नया प्रभारी नियुक्त किया गया है। दूसरी ओर, जामुड़िया थाना में तैनात सब-इंस्पेक्टर सुनील कुमार सिंह का स्थानांतरण कर उन्हें आसनसोल उत्तर थाना भेजा गया है। कमिश्नरेट में हुए इस बड़े फेरबदल के तहत स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी), डिटेक्टिव डिपार्टमेंट के प्रभारी सब-इंस्पेक्टर पार्थ सरकार को कल्याणेश्वरी फांड़ी का नया प्रभारी बनाया गया है। वहीं, कल्याणेश्वरी फांड़ी की प्रभारी लेडी सब-इंस्पेक्टर शिउली मंडल को एनटीएस थाना का नया ओसी नियुक्त किया गया है। इसके अलावा, एनटीएस थाना के वर्तमान प्रभारी सब-इंस्पेक्टर अभिजीत सिन्हा रॉय को कुल्टी थाना में नई जिम्मेदारी दी गई है। रूपनारायणपुर फांड़ी के प्रभारी सब-इंस्पेक्टर अरुणाभ भट्टाचार्य का भी तबादला कर उन्हें डिटेक्टिव डिपार्टमेंट में भेजा गया है, जहां वे अपराध अनुसंधान एवं विशेष मामलों की जांच से संबंधित दायित्व निभाएंगे। पुलिस आयुक्त द्वारा जारी आदेश में सभी संबंधित अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से अपने-अपने नए पदस्थापन स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने का निर्देश दिया गया है। पुलिस महकमे में हुए इस व्यापक फेरबदल को प्रशासनिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अधिकारियों के नए पदस्थापन से विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिसिंग व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने तथा अपराध नियंत्रण एवं जनसुरक्षा के कार्यों में तेजी आने की उम्मीद जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *