भीषण गर्मी में जनसेवा: रानीगंज में विश्व हिंदू परिषद ने ठंडा पानी, शरबत व झालमुड़ी वितरित की

रानीगंज। भीषण गर्मी और तेज धूप के बीच आम लोगों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से रविवार को रानीगंज के पंजाबी मोड़ क्षेत्र में विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल के संयुक्त तत्वावधान में सेवा एवं जनजागरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान राहगीरों के बीच ठंडा पानी, शरबत तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा लोकप्रिय बनाई गई पारंपरिक बंगाली खाद्य सामग्री ‘झालमुड़ी’ का वितरण किया गया। कार्यक्रम को लेकर स्थानीय लोगों में उत्साह देखा गया तथा बड़ी संख्या में राहगीरों ने इस सेवा कार्य का लाभ उठाया। कार्यक्रम में विश्व हिंदू परिषद के आसनसोल जिला अध्यक्ष मनीष शर्मा, तेज प्रताप सिंह, विश्वजीत गोराई, रंजीत सिंह, पीहू मंडल, अखिल प्रताप सिंह, राहुल सिंह राजपूत, अरविंद गुप्ता, संजय साहू, नितेश सिन्हा सहित संगठन के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इस अवसर पर विश्व हिंदू परिषद के नेता विश्वजीत गोराई ने बताया कि वर्तमान समय में पूरे देश में संगठन की ओर से ‘गौ माता सम्मान अभियान’ चलाया जा रहा है। इसी अभियान के अंतर्गत रानीगंज में भी विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी को देखते हुए लगभग तीन हजार राहगीरों के बीच ठंडा पानी, शरबत और झालमुड़ी का वितरण किया गया, ताकि लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिल सके। उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम में जिले के कई वरिष्ठ पदाधिकारियों की भी उपस्थिति रही। वहीं विश्व हिंदू परिषद के आसनसोल जिला अध्यक्ष मनीष शर्मा ने कहा कि संगठन द्वारा देशव्यापी स्तर पर गौ माता सम्मान अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान के तहत लोगों को गौ संरक्षण के प्रति जागरूक किया जा रहा है तथा व्यापक जनसमर्थन जुटाने के लिए हस्ताक्षर अभियान भी चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि आगामी 27 जुलाई को जिले के सभी गौ-प्रेमी एवं संगठन के कार्यकर्ता जिला शासक (डीएम) को एक ज्ञापन सौंपेंगे। इस ज्ञापन के माध्यम से केंद्र सरकार से गौ माता को ‘राष्ट्र माता’ का दर्जा प्रदान करने तथा देशभर में गोवंश की हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग की जाएगी। मनीष शर्मा ने कहा कि भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा में गौ माता को विशेष सम्मान प्राप्त है। हमारे पवित्र धर्मग्रंथों तथा अनेक महापुरुषों ने भी गौ संरक्षण और गौ हत्या पर रोक लगाने की आवश्यकता पर बल दिया है। इसी उद्देश्य को लेकर संगठन जन-जागरण अभियान चला रहा है और समाज के विभिन्न वर्गों को इससे जोड़ने का प्रयास कर रहा है। उन्होंने कहा कि विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल केवल धार्मिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों तक ही सीमित नहीं हैं, बल्कि समय-समय पर सामाजिक सेवा के कार्यों में भी सक्रिय भागीदारी निभाते हैं। भीषण गर्मी के दौरान लोगों को राहत पहुंचाने के लिए आयोजित यह कार्यक्रम उसी सेवा भावना का एक उदाहरण है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भविष्य में भी संगठन सनातन संस्कृति के प्रचार-प्रसार, गौ संरक्षण तथा समाज सेवा के विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन करता रहेगा। कार्यक्रम के दौरान संगठन कार्यकर्ताओं ने राहगीरों को शरबत, ठंडा पानी और झालमुड़ी वितरित कर मानव सेवा का संदेश दिया तथा गौ माता सम्मान अभियान के प्रति लोगों को जागरूक करने का प्रयास किया। इस सेवा एवं जनजागरण कार्यक्रम की स्थानीय लोगों ने सराहना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *