बराकर: फॉरवर्ड ब्लॉक ने आयोजित की पूर्व नपाध्यक्ष की स्मरण सभा

जमीनी नेता मधुर कान्त शर्मा के निधन पर रखा दो मिनट का मौन

बराकर। कुल्टी नगरपालिका के पूर्व अध्यक्ष सह दिवंगत फॉरवर्ड ब्लॉक नेता स्व मधुर कान्त शर्मा की स्मरण सभा का आयोजन फॉरवर्ड ब्लॉक बराकर लोकल कमेटी के आह्वान पर बराकर बस स्टैंड स्थित प्रथम लॉज में रविवार को किया गया। उक्त सभा में फॉरवर्ड ब्लॉक के स्थानीय नेता, कर्मियों के संग नागरिक भी उपस्थित थे। सर्वप्रथम स्व शर्मा के चित्र पर माल्यार्पण कर तथा दो मिनट का मौन धारण कर उनके आत्मशांति की प्रार्थना की गई। जिसके बाद सभी स्व शर्मा के अवदान पर लोगों ने अपने विचार रखे। फॉरवर्ड ब्लॉक जिला कमेटी के सचिव भवानी आचार्य ने स्व शर्मा के संग अपने राजनीतिक तथा व्यक्तिगत रिश्तों पर प्रकाश डाला था दिवंगत नेता को लोगों के हितों की रक्षा करने वाला बताया वहीं लोकल कमेटी सचिव राजू पंडित ने भावुक होकर स्व मधुर कान्त शर्मा से जुड़े अपने स्मरणों को उपस्थित लोगों के सामने रखा। श्री पंडित ने कहा कि बराकर में मधुर कान्त शर्मा का योगदान इतिहास में दर्ज है और आगामी पीढ़ी को उसका अनुशरण करना चाहिए। नियामतपुर कमेटी के उत्पल चक्रवर्ती ने कहा कि मधुर कान्त शर्मा ने अपने निधन तक एक ही पार्टी का साथ दिया और साथ ही उनके द्वारा किए गए कई जन आंदोलनों को रेखांकित किया। बराकर चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के दीपक दुदानी ने कहा कि पार्षद तथा नपाध्यक्ष रहने के बावजूद स्व शर्मा में कभी घमंड नहीं आया और वे सभी लोगों को साथ लेकर विकास कार्य करते थे साथ ही लोगों की व्यक्तिगत दिक्कतों को भी दूर करने में योगदान देते थे। रंजीत पासवान, सैयद रजा अंसारी, भरत प्रधान, रामदेव यादव, गुलाब अंसारी, मंजू उरांव, अरुण मंडल, ताड़केश्वर सिंह, सुभाष शर्मा, मोहम्मद सोहराब, शंकर नेवगी, राहुल शर्मा आदि ने भी अपने विचार रखे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *