
यात्रियों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई : हवा सिंह जाखड़
आसनसोल। सियालदा-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस(12313) पर पथराव की घटना में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) बराकर ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक किशोर को हिरासत में लिया है। 30 मई को कुल्टी स्टेशन के निकट हुई इस घटना में ट्रेन के एक कोच की खिड़की क्षतिग्रस्त हो गई थी, जिसके बाद आरपीएफ ने मामले की गहन जांच शुरू की।
जांच के दौरान पता चला कि घटना के समय कुछ नाबालिग रेलवे ट्रैक के आसपास मौजूद थे। साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर एक किशोर की पहचान कर उसे हिरासत में लिया गया तथा आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए आसनसोल स्थित किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया गया।
बराकर आरपीएफ पोस्ट प्रभारी हवा सिंह जाखड़ ने कहा कि चलती ट्रेनों पर पथराव करना न केवल कानूनन अपराध है, बल्कि इससे यात्रियों की जान भी खतरे में पड़ सकती है। उन्होंने बताया कि रेलवे अधिनियम की धारा 153 के तहत इस तरह के कृत्य के लिए पांच वर्ष तक के कारावास का प्रावधान है।
आरपीएफ आसनसोल मंडल द्वारा रेलवे सुरक्षा के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के लिए लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं। अधिकारियों ने अभिभावकों से अपील की है कि वे बच्चों को रेलवे ट्रैक और उसके आसपास जाने से रोकें तथा उन्हें ऐसी खतरनाक हरकतों के गंभीर परिणामों के बारे में जागरूक करें।
हवा सिंह जाखड़ ने दोहराया कि रेलवे संपत्ति और यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने चेतावनी दी कि ट्रेनों पर पथराव जैसी घटनाओं में शामिल किसी भी व्यक्ति के खिलाफ कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
