पांडवेश्वर मे अवैध बालू तस्करी और सिंडिकेट संचालन के आरोप में तृणमूल नेता गौतम घोष गिरफ्तार

पांडवेश्वर। पांडवेश्वर विधानसभा क्षेत्र के गोगला अंचल में उस समय राजनीतिक हलचल तेज हो गई, जब तृणमूल कांग्रेस के क्षेत्रीय अध्यक्ष गौतम घोष को दुर्गापुर-फरीदपुर थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में अवैध गतिविधियों के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई के रूप में देखा जा रहा है।पुलिस सूत्रों के अनुसार, गौतम घोष पर अजय नदी से अवैध रूप से बालू की तस्करी कराने, कथित सिंडिकेट संचालन, अवैध कोयला कारोबार से जुड़े रहने तथा क्षेत्र में भय और दबाव का माहौल बनाने जैसे गंभीर आरोप हैं। लंबे समय से उनके खिलाफ विभिन्न स्तरों पर शिकायतें सामने आ रही थीं। प्रारंभिक जांच और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी है। बताया जाता है कि क्षेत्र में अवैध बालू खनन और परिवहन को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इसके अलावा स्थानीय स्तर पर सिंडिकेट गतिविधियों के माध्यम से विभिन्न कार्यों में कथित हस्तक्षेप और दबाव बनाने के आरोप भी लगाए जाते रहे हैं। पुलिस अब इन सभी आरोपों की विस्तृत जांच में जुट गई है। गौतम घोष की गिरफ्तारी के बाद राजनीतिक प्रतिक्रिया भी सामने आने लगी है। भारतीय जनता पार्टी ने इस मुद्दे को लेकर तृणमूल कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि वर्ष 2021 के विधानसभा चुनाव से पहले और उसके बाद राजनीतिक विरोधियों पर हमले, उन्हें डराने-धमकाने तथा चुनावी माहौल को प्रभावित करने में आरोपी की सक्रिय भूमिका रही है। भाजपा नेताओं का कहना है कि कानून के शिकंजे में ऐसे लोगों का आना लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए आवश्यक है। वहीं, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी कई शिकायतें दर्ज थीं। मामले से जुड़े दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों की जांच के बाद ही गिरफ्तारी की कार्रवाई की गई है। पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि कथित अवैध गतिविधियों के नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल थे। गिरफ्तारी के बाद पूरे पांडवेश्वर क्षेत्र में चर्चा का माहौल गर्म है। राजनीतिक और सामाजिक हलकों की निगाहें अब पुलिस जांच और आगामी न्यायिक प्रक्रिया पर टिकी हुई हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *