जामुड़िया में भाजपा विधायक कार्यालय का उद्घाटन, जनसमस्याओं के समाधान का बनेगा केंद्र : विधायक डॉ. बिजन मुखर्जी

जामुड़िया। जामुड़िया विधानसभा क्षेत्र के बिजपुर मोड़ में बुधवार को नए विधायक कार्यालय का विधिवत उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर मुख्यरूप से जामुड़िया के विधायक डॉ. बिजन मुखर्जी सहित भाजपा के विभिन्न मंडलों के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में समर्थक उपस्थित रहे।इस उद्घाटन समारोह में जामुड़िया विधानसभा संयोजक बृजमोहन पासवान, भाजपा मंडल-1 के अध्यक्ष पिनाकी राय मंडल, मंडल-2 के अध्यक्ष राहुल बावड़ी, मंडल-3 के अध्यक्ष दीप बनर्जी तथा मंडल-4 के अध्यक्ष संजय सिंह सहित क्षेत्र के बड़ी संख्या मे भाजपा नेता एवं कार्यकर्ता शामिल हुए। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक डॉ. बिजन मुखर्जी ने कहा कि पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने के बाद जामुड़िया विधानसभा क्षेत्र में पहली बार भाजपा को जनता का समर्थन और विजय प्राप्त हुई है। उन्होंने कहा कि लंबे समय से इस बात की आवश्यकता महसूस की जा रही थी कि क्षेत्र में एक सुव्यवस्थित विधायक कार्यालय स्थापित किया जाए, जहां आम नागरिक अपनी समस्याएं और विकास संबंधी मांगें लेकर आसानी से पहुंच सकें।उन्होंने कहा कि इस कार्यालय के माध्यम से क्षेत्र के लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। कार्यालय में विधानसभा क्षेत्र के चारों मंडलों के अध्यक्ष, चुनाव एजेंट तथा विधायक प्रतिनिधि नियमित रूप से मौजूद रहेंगे, जिससे लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान करने में सहायता मिलेगी। उन्होंने कहा कि विधायक बनने के बाद से उनका एकमात्र उद्देश्य क्षेत्र के लोगों की सेवा करना और जामुड़िया के सर्वांगीण विकास के लिए कार्य करना है। नया विधायक कार्यालय उसी दिशा में उठाया गया एक महत्वपूर्ण कदम है। डॉ. मुखर्जी ने कहा कि जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरना उनकी प्राथमिकता है और क्षेत्र के विकास, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार तथा जनहित से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाएगा। वहीं, विधानसभा संयोजक बृजमोहन पासवान ने कहा कि जामुड़िया के भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए यह एक ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण दिन है। विधायक कार्यालय के उद्घाटन से संगठनात्मक गतिविधियों को नई गति मिलेगी और जनता की समस्याओं के समाधान के लिए एक स्थायी मंच उपलब्ध होगा। उन्होंने कहा कि इस कार्यालय से क्षेत्र के लोगों के हितों की रक्षा तथा उनकी समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर कार्य किया जाएगा।उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव के दौरान भाजपा ने क्षेत्र की जनता से जो वादे किए थे, उन्हें पूरा करने के लिए पार्टी प्रतिबद्ध है। नया कार्यालय जनसेवा, विकास कार्यों की निगरानी तथा जनता और जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। समारोह के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह देखा गया। उपस्थित नेताओं ने विश्वास व्यक्त किया कि विधायक कार्यालय क्षेत्र की जनता और संगठन के बीच एक सशक्त सेतु का कार्य करेगा तथा जनहित के मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने में मददगार साबित होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *