पांडवेश्वर में राष्ट्रीय राजमार्ग पर पत्थर लदा डंपर का भीषण दुर्घटना, चालक व खलासी घायल

पांडवेश्वर। पश्चिम बर्दवान जिला के पांडवेश्वर थाना क्षेत्र के खोट्टाडीह मोड़ के समीप बुधवार की सुबह राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-60 पर एक पत्थर लदा 12 चक्का डंपर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में डंपर का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया तथा वाहन में चालक और खलासी फंस गए। स्थानीय लोगों एवं प्रशासन की तत्परता से दोनों को सुरक्षित बाहर निकालकर उपचार के लिए स्थानीय अस्पताल भेजा गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, पत्थरों से लदा एक 12 चक्का डंपर पांडवेश्वर की ओर से हरिपुर की दिशा में जा रहा था। इसी दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-60 स्थित खोट्टाडीह मोड़ के पास अचानक दुर्घटना हो गई। हादसा इतना भीषण था कि डंपर का अगला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें चालक तथा खलासी फंस गए। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय निवासी मौके पर पहुंचे और पुलिस तथा प्रशासन को जानकारी दी। इसके बाद राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। काफी प्रयास के बाद वाहन में फंसे चालक और खलासी को बाहर निकालकर तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। स्थानीय लोगों का अनुमान है कि पत्थर लदा डंपर तेज गति से जा रहा था। संभवतः चालक के सामने चल रहे किसी वाहन से टक्कर होने के कारण यह दुर्घटना हुई। हालांकि प्रत्यक्षदर्शियों ने किसी अन्य वाहन को टक्कर लगते नहीं देखा है, इसलिए दुर्घटना के वास्तविक कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। दुर्घटना के कारण डंपर का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद पांडवेश्वर थाना पुलिस एवं पांडवेश्वर ट्रैफिक गार्ड के अधिकारी मौके पर पहुंचे और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि हादसा चालक की लापरवाही, तेज रफ्तार या किसी अन्य कारण से हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *