कुल्टी के विधायक डॉ. अजय कुमार पोद्दार शुभेंदु मंत्रिमंडल में शामिल, स्वयंसेवक से मंत्री तक का सफर

पश्चिम बर्दवान, 01 जून । भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और कुल्टी से विधायक डॉ. अजय कुमार पोद्दार को शुभेंदु मंत्रिमंडल में शामिल किया गया है। शपथ ग्रहण होने के बाद उन्होंने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी को सपने को साकार करने का संकल्प दोहराते हुए कहा कि उनका जीवन डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी को समर्पित है।

उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्वयंसेवक के रूप में शुरुआत करने वाले डॉ. पोद्दार का नाम भाजपा के प्रमुख नेताओं में शुमार होता हैं। संगठन के प्रति निष्ठा, लंबे संघर्ष और जनता से जुड़ाव ने डॉ. अजय कुमार पोद्दार को एक साधारण कार्यकर्ता से मंत्री पद तक पहुंचाया है। उनकी यह यात्रा भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणा मानी जा रही है।

डॉ. पोद्दार ने वर्ष 1972 में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के स्वयंसेवक के रूप में सार्वजनिक जीवन की शुरुआत की थी। इसके बाद 1973 में भारतीय जनसंघ के साथ सक्रिय राजनीति में कदम रखा। जयप्रकाश नारायण आंदोलन और आपातकाल के दौर में भी उन्होंने लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए संघर्ष किया।

भारतीय जनता पार्टी के गठन के बाद वर्ष 1980 से वे लगातार संगठन के लिए कार्य करते रहे। पश्चिम बंगाल में भाजपा के विस्तार के दौरान कुल्टी क्षेत्र में पार्टी को मजबूत करने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही। वर्ष 2021 में उन्होंने कुल्टी विधानसभा क्षेत्र से जीत हासिल की और 2026 के विधानसभा चुनाव में 26 हजार से अधिक मतों के अंतर से ऐतिहासिक विजय दर्ज की।

मंत्री बनने के बाद अपनी भावनाएं व्यक्त करते हुए डॉ. अजय कुमार पोद्दार ने कहा कि हमारा सपना पूरा हुआ है। इस जीवनकाल में हम डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी को सच्ची श्रद्धांजलि दे पाए हैं। वर्ष 1973 से हम लोग पार्टी के लिए काम कर रहे हैं। पार्टी का जो भी आदेश होगा, एक सैनिक के रूप में वही कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि किसी एक व्यक्ति की नहीं बल्कि लाखों कार्यकर्ताओं के वर्षों के संघर्ष, समर्पण और जनता के विश्वास का परिणाम है। उन्होंने पार्टी नेतृत्व और क्षेत्र की जनता के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे मंत्री के रूप में भी जनसेवा और विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता देंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *