
आसनसोल।आसनसोल दक्षिण थाना पुलिस ने तृणमूल कांग्रेस के श्रमिक संगठन आईएनटीटीयूसी के आसनसोल उत्तर ब्लॉक अध्यक्ष राजू आहलूवालिया को तोलाबाजी, धमकी देने और अवैध वसूली समेत कई आरोपों में गिरफ्तार किया है। रविवार रात हुई इस कार्रवाई के बाद आसनसोल के राजनीतिक हलकों में हलचल तेज हो गई है।
जानकारी के अनुसार, रविवार शाम करीब साढ़े सात बजे पुलिस की एक टीम ने जीटी रोड स्थित बीएनआर मोड़ के पास से राजू आहलूवालिया को हिरासत में लिया। इसके बाद उन्हें आसनसोल दक्षिण थाना लाया गया, जहां देर रात औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया गया। बताया जा रहा है कि राजू आहलूवालिया के खिलाफ लंबे समय से तोलाबाजी और अवैध वसूली की शिकायतें मिल रही थीं। इस संबंध में थाने में कई शिकायतें दर्ज कराई गई थीं। पुलिस ने शिकायतों की जांच के बाद यह कार्रवाई की।
राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद सरकार की ओर से पुलिस प्रशासन को रंगदारी, अवैध वसूली और धमकी जैसी गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इसी के तहत राज्यभर में लगातार अभियान चलाया जा रहा है। पश्चिम बर्दवान जिले में भी पिछले कुछ दिनों में कई तृणमूल नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ कार्रवाई की गई है। ऐसे में राजू आहलूवालिया की गिरफ्तारी को अहम माना जा रहा है।आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के डीसीपी (सेंट्रल) ध्रुव दास ने कहा कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि इस कथित वसूली गिरोह में और कौन-कौन लोग शामिल हैं, इसकी भी जांच की जा रही है। जरूरत पड़ने पर अन्य आरोपियों के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस राजू आहलूवालिया से पूछताछ कर रही है। सोमवार को उन्हें आसनसोल अदालत में पेश किया जाएगा।
