शिव चर्चा कार्यक्रम में पहुंचे विधायक जितेंद्र तिवारी, धार्मिक आयोजनों में पारदर्शिता और सादगी पर दिया विशेष जोर

पांडवेश्वर। पांडवेश्वर विधानसभा क्षेत्र के छोरा ग्राम में आयोजित भव्य शिव चर्चा कार्यक्रम में विधायक जीतेन्द्र तिवारी शामिल हुए। कार्यक्रम का आयोजन भाजपा नेता रविंद्र यादव के नेतृत्व में किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्थानीय श्रद्धालु, ग्रामीण, महिला श्रद्धालु एवं भाजपा कार्यकर्ताओं की उपस्थिति देखने को मिली। कार्यक्रम स्थल पर विधायक जितेंद्र तिवारी का फूल-माला पहनाकर तथा पारंपरिक तरीके से गर्मजोशी के साथ स्वागत किया गया। शिव चर्चा कार्यक्रम के दौरान पूरे क्षेत्र में भक्तिमय माहौल बना रहा। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव की आराधना एवं धार्मिक चर्चा में भाग लिया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक जितेंद्र तिवारी ने धार्मिक और सामाजिक आयोजनों में पारदर्शिता तथा स्वच्छ व्यवस्था बनाए रखने की आवश्यकता पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि किसी भी धार्मिक कार्यक्रम की पवित्रता तभी बनी रह सकती है, जब उसका संचालन ईमानदारी और साफ-सुथरे तरीके से किया जाए। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि अवैध वसूली या गलत तरीके से जुटाए गए धन का उपयोग किसी भी धार्मिक आयोजन में नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि भक्ति और आस्था के कार्यों में शुद्धता बनाए रखना समाज के प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है।अपने संबोधन में विधायक ने वर्ष 2016 से 2021 के बीच आयोजित होने वाले बड़े कार्यक्रमों का उल्लेख करते हुए कहा कि उस समय विभिन्न व्यवसायिक वर्गों और स्थानीय लोगों के सहयोग से बड़े पैमाने पर आयोजन किए जाते थे। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि वर्तमान समय में लोगों की सोच और परिस्थितियां बदली हैं, इसलिए अब आयोजनों में आर्थिक पारदर्शिता और जवाबदेही अधिक आवश्यक हो गई है।उन्होंने कहा, “यदि संसाधन कम हों तो लोग मिलकर छोटे स्तर पर भी धार्मिक कार्यक्रम कर सकते हैं, लेकिन आयोजन पूरी तरह स्वच्छ और पारदर्शी होना चाहिए। भक्ति में गलत तरीके से आए पैसे की कोई जगह नहीं होनी चाहिए।” विधायक जितेंद्र तिवारी ने स्थानीय व्यवसायियों और आम लोगों से अपील करते हुए कहा कि यदि कोई व्यक्ति उनके नाम का उपयोग कर चंदा मांगता है या किसी प्रकार की जबरन वसूली करने का प्रयास करता है, तो इसकी जानकारी तुरंत उन्हें दी जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे किसी भी प्रकार की अवैध वसूली या अनुचित तरीके से चंदा लेने के पक्ष में नहीं हैं और ऐसे मामलों को गंभीरता से लिया जाएगा। इस दौरान उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन के अनुभव भी साझा किए। उन्होंने कहा कि समय और पद के साथ लोगों का व्यवहार बदलता रहता है, इसलिए अब वे दिखावटी स्वागत, अत्यधिक फूल-माला और अनावश्यक आडंबर से दूरी बनाकर सादगीपूर्ण जीवनशैली को प्राथमिकता देना चाहते हैं। कार्यक्रम के अंत में विधायक ने अपने समर्थकों, कार्यकर्ताओं और क्षेत्रवासियों से आपसी भाईचारा, सामाजिक सौहार्द और शांति बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि समाज में सकारात्मक वातावरण और लोगों के साथ न्यायपूर्ण व्यवहार ही क्षेत्र के विकास और सामाजिक एकता की सबसे बड़ी पहचान है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *