
जामुड़िया। ईसीएल के कुनुस्तोड़िया एरिया के पड़ासिया कोलियरी में हुए दर्दनाक हादसे के बाद घायल श्रमिकों का हालचाल जानने के लिए जामुड़िया के भाजपा विधायक डॉ. बिजन मुखर्जी दुर्गापुर मिशन अस्पताल पहुंचे। उन्होंने अस्पताल में भर्ती घायल श्रमिकों से मुलाकात कर उनकी स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी ली तथा उनके परिजनों से मुलाकात कर उन्हें हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया तथा उनका हौसला बढ़ाया। विधायक के इस मानवीय पहल की अस्पताल परिसर में मौजूद लोगों ने सराहना की। वही डॉ. बिजन मुखर्जी ने चिकित्सकों से घायलों के उपचार की स्थिति की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने डॉक्टरों से कहा कि घायल श्रमिकों के इलाज में किसी प्रकार की कमी नहीं होनी चाहिए और उन्हें हर संभव बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए।इस दौरान विधायक ने घायल श्रमिकों और उनके परिजनों से बातचीत करते हुए उनका मनोबल बढ़ाया। उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में सभी को एकजुट होकर घायल कर्मियों और उनके परिवारों के साथ खड़ा रहना चाहिए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पीड़ित श्रमिकों की हरसंभव सहायता की जाएगी। डॉ. बिजन मुखर्जी ने हादसे में घायल सभी श्रमिकों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए कहा, “मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि परासिया कोलियरी हादसे में घायल सभी श्रमिक जल्द स्वस्थ होकर अपने परिवार और कार्यस्थल पर सुरक्षित लौटें। चिकित्सक लगातार पूरी कोशिश कर रहे हैं और हम सभी उनके साथ खड़े हैं। ज्ञात हो कि गुरुवार कों कुनुस्तोड़िया एरिया अंतर्गत पड़ासिया कोलियरी में कार्य के दौरान हुए हादसे में कई श्रमिक घायल हो गए थे, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद इलाके में चिंता और भय का माहौल बना हुआ है। वही घटना के बाद से ही प्रशासन, चिकित्सक और स्थानीय जनप्रतिनिधि लगातार घायलों की स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। विधायक के दौरे से घायल श्रमिकों और उनके परिजनों में कुछ हद तक राहत और भरोसे का माहौल देखने को मिला। घटना को लेकर स्थानीय लोगों में खदानों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता भी लगातार बनी हुई है।
