बंगाल विधानसभा का बजट सत्र 18 जून से शुरू होगा, 22 को पेश होगा पूर्ण बजट

 

कोलकाता, 15 मई । पश्चिम बंगाल विधानसभा का बजट सत्र 18 जून से शुरू होगा और 22 जून को राज्य की पहली भाजपा नीत सरकार का पूर्ण बजट पेश किया जाएगा। विधानसभा के नवनिर्वाचित अध्यक्ष रथींद्र बोस ने शुक्रवार को सदन के विशेष सत्र में इसकी घोषणा की। इसी विशेष सत्र में उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष पद की शपथ भी ली।
पूर्ण बजट 22 जून को पेश किया जाना है। ऐसे में माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के नेतृत्व वाली नई सरकार जल्द ही राज्य के नए वित्त मंत्री के नाम की घोषणा कर सकती है।
इस वर्ष पांच फरवरी को पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली सरकार में वित्त राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रहीं चंद्रिमा भट्टाचार्य ने विधानसभा में अंतरिम बजट यानी वोट ऑन अकाउंट पेश किया था। विधानसभा चुनाव के कारण उस समय पूर्ण बजट पेश नहीं किया जा सका था। राज्य में अप्रैल में चुनाव कराए गए थे और चार मई को परिणाम घोषित हुए थे।
इस बीच मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से सभी विभागीय सचिवों को राज्य बजट की तैयारियां शुरू करने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं। वित्त विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार आगामी पूर्ण बजट मौजूदा सत्तारूढ़ दल द्वारा विधानसभा चुनाव से पहले जारी घोषणापत्र में किए गए वादों के आधार पर तैयार किया जाएगा।
सूत्रों के मुताबिक बजट का मुख्य फोकस राज्य के स्वयं के कर राजस्व बढ़ाने के लिए वैकल्पिक स्रोत तलाशना, सात लाख करोड़ रुपये से अधिक के भारी कर्ज के दबाव को कम करना, गैर योजना मदों में लगातार बढ़ रहे खर्च पर नियंत्रण लगाना तथा पूंजीगत व्यय को बढ़ावा देना होगा।
राज्य सरकार को इस समय गंभीर वित्तीय चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। राज्य का खजाना एक ओर सीमित कर राजस्व, दूसरी ओर सात लाख करोड़ रुपये से अधिक के कर्ज और तेजी से बढ़ रहे गैर योजना खर्च के दबाव में फंसा हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *