बंगाल में जून से शुरू होगी ‘अन्नपूर्णा का भंडार’ योजना, महिलाओं के लिए फ्री बस सेवा

कोलकाता, 11 मई । पश्चिम बंगाल सरकार ने महिलाओं के लिए कई नई सुविधाओं की घोषणा की है। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने सोमवार को नवान्न में लगातार बैठकें करने के बाद बताया कि जून महीने से महिलाओं को सरकारी बसों में यात्रा के लिए कोई किराया नहीं देना होगा। सरकारी बसों में महिलाओं के लिए टिकट पूरी तरह मुफ्त रहेगा। सूत्रों के अनुसार राजधानी दिल्ली में बस यात्रा के तर्ज पर यह नियम लागू किया गया है।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि जून से ही महिलाओं के लिए ‘अन्नपूर्णा का भंडार’ योजना शुरू की जाएगी। इस योजना के तहत महिलाओं को हर महीने तीन हजार रुपये देने का प्रस्ताव है। हालांकि इस योजना के लिए कोई विशेष शर्तें होंगी या नहीं, यह अभी स्पष्ट नहीं किया गया है।

उन्होंने यह भी घोषणा की कि स्वास्थ्य क्षेत्र में आयुष्मान भारत योजना भी जून से राज्य में लागू की जाएगी। इस योजना का लाभ सभी लोगों को मिलेगा या इसके लिए आय अथवा अन्य किसी तरह की शर्तें होंगी, इस बारे में विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि राज्य में पहले से चल रही कोई भी सामाजिक योजना बंद नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि चाहे योजना 30 वर्ष पुरानी हो या 10 वर्ष पुरानी, सरकार किसी भी सामाजिक परियोजना को बंद करने की योजना नहीं बना रही है।

उल्लेखनीय है कि विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा ने अपने संकल्प पत्र में सरकार बनने पर अन्नपूर्णा का भंडार और आयुष्मान भारत जैसी योजनाएं लागू करने का वादा किया था। अब सरकार बनने के बाद इन योजनाओं को लागू करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *