मंत्री बनने पर अग्निमित्रा पाल के परिवार में खुशी, माता-पिता ने भी गर्व जताया

कोलकाता, 11 मई । पश्चिम बंगाल के नए मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के मंत्रिमंडल में अग्निमित्रा पाल को महिला एवं बाल विकास एवं समाज कल्याण विभाग के साथ-साथ नगर निकाय एवं शहरी विकास विभाग की जिम्मेदारी मिलने के बाद उनके परिवार में खुशी का माहौल है।

अग्निमित्रा पाल के पिता अशोक राय तथा माता अपर्णा राय ने अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा कि अग्निमित्रा शुरू से ही हर काम को पूरी मेहनत, समर्पण के साथ करती रही हैं। बचपन से ही वह अपने लक्ष्य को लेकर गंभीर रही हैं।
परिवार की ओर से कहा गया कि पहले उन्हें जानकारी मिली थी कि अग्निमित्रा पाल को केवल महिला एवं शिशु कल्याण विभाग का दायित्व मिला है, लेकिन बाद में नगर निकाय एवं शहरी विकास विभाग की भी जिम्मेदारी मिलने की खबर मिली। इससे परिवार की खुशी और बढ़ गई।
अशोक राय ने कहा कि उन्हें पूरा विश्वास है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा और मार्गदर्शन में अग्निमित्रा पाल अपने सभी विभागों में बेहतर कार्य करेंगी तथा राज्य के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देंगी। उन्होंने कहा कि दोनों ही विभागों में काम करने की अपार संभावनाएं हैं और जनता की अपेक्षाएं भी काफी अधिक हैं।
अग्निमित्रा पाल ने भी मंत्री पद संभालने के बाद पत्रकार सम्मलेन आयोजित किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री और पार्टी नेतृत्व ने उन पर जो भरोसा जताया है, वह उस पर पूरी निष्ठा के साथ खरा उतरने का प्रयास करेंगी। उन्होंने कहा कि महिला एवं बाल विकास, समाज कल्याण और शहरी विकास जैसे विभाग सीधे आम लोगों से जुड़े हुए हैं। हमारी प्राथमिकता महिलाओं की सुरक्षा, बच्चों के बेहतर भविष्य, स्वच्छ एवं आधुनिक शहरों के निर्माण और पारदर्शी प्रशासन पर रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *