
जामुड़िया। जामुड़िया विधानसभा क्षेत्र से ऐतिहासिक विजय प्राप्त करने के बाद भारतीय जनता पार्टी के नवनिर्वाचित विधायक डॉ. बिजन मुखर्जी ने को अपने आवासीय कार्यालय में एक विस्तृत प्रेस वार्ता कर क्षेत्र के प्रति अपनी प्राथमिकताओं और भविष्य की कार्ययोजना को स्पष्ट किया। उन्होंने इस अवसर पर सबसे पहले क्षेत्र की जनता के प्रति आभार प्रकट करते हुए कहा कि यह जीत केवल उनकी नहीं, बल्कि जामुड़िया की जागरूक और विकासोन्मुख जनता की जीत है।डॉ. मुखर्जी ने कहा कि चुनाव प्रचार के दौरान उन्हें जिस प्रकार का व्यापक जनसमर्थन मिला, उसने यह सिद्ध कर दिया कि जनता अब विकास, पारदर्शिता और जवाबदेही की राजनीति चाहती है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वह इस विश्वास पर खरा उतरने के लिए पूरी निष्ठा और ईमानदारी से कार्य करेंगे।चुनाव परिणामों के बाद कुछ क्षेत्रों में सामने आई हिंसक घटनाओं पर कड़ा रुख अपनाते हुए उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि भारतीय जनता पार्टी का मूल चरित्र शांति, लोकतंत्र और विधि-व्यवस्था के सम्मान पर आधारित है। उन्होंने दो टूक कहा कि पार्टी किसी भी प्रकार की हिंसा या अराजकता को न तो समर्थन देती है और न ही बर्दाश्त करेगी।
उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि यदि कोई व्यक्ति या समूह भाजपा का नाम लेकर अशांति फैलाने का प्रयास करता है, तो उसे पार्टी में किसी भी प्रकार का स्थान नहीं मिलेगा। पार्टी नेतृत्व पहले ही यह स्पष्ट कर चुका है कि अवसरवादी राजनीति और जबरन दल-बदल की प्रवृत्ति को बढ़ावा नहीं दिया जाएगा।वही अपने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए डॉ. मुखर्जी ने संयम, अनुशासन और जिम्मेदारी का परिचय देने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार के उकसावे या भ्रामक प्रचार से दूर रहकर केवल जनसेवा और विकास कार्यों पर ध्यान केंद्रित करना ही सच्ची राजनीतिक प्रतिबद्धता है। अंत में उन्होंने दोहराया कि जामुड़िया की जनता ने उन्हें विकास, शांति और सामाजिक समरसता के एजेंडे पर चुना है, और वह क्षेत्र में बुनियादी ढांचे के सुदृढ़ीकरण, रोजगार के अवसरों में वृद्धि तथा सभी वर्गों के समावेशी विकास को सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
