
जामुड़िया। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के रुझान सामने आते ही राज्य के विभिन्न हिस्सों में राजनीतिक माहौल अचानक तनावपूर्ण हो उठा है। विशेषकर आसनसोल और जामुड़िया क्षेत्र में हिंसक घटनाओं ने स्थिति को गंभीर बना दिया है। मतगणना पूरी होने से पहले ही तृणमूल कांग्रेस के पार्टी कार्यालयों को निशाना बनाए जाने की खबरें सामने आई हैं। जामुड़िया विधानसभा क्षेत्र के चुरुलिया इलाके में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब तृणमूल कांग्रेस के एक स्थानीय कार्यालय में अचानक आग लगा दी गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ अराजक तत्वों ने कार्यालय में तोड़फोड़ करने के बाद आगजनी की घटना को अंजाम दिया, जिससे कार्यालय का अधिकांश सामान जलकर नष्ट हो गया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल व्याप्त हो गया। वही तृणमूल कांग्रेस के स्थानीय नेताओं ने इस हमले के लिए भारतीय जनता पार्टी के समर्थकों को जिम्मेदार ठहराया है। उनका आरोप है कि चुनावी रुझानों में बढ़त मिलने की संभावना को देखते हुए विपक्षी दल के कार्यकर्ताओं ने सुनियोजित तरीके से इस हिंसा को अंजाम दिया। हालांकि, इस संबंध में भाजपा की ओर से अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। इसी प्रकार, आसनसोल उत्तर विधानसभा क्षेत्र के गोविंदपुर इलाके में भी तृणमूल कांग्रेस के एक अन्य कार्यालय पर हमला किए जाने की सूचना है। जिससे क्षेत्र में भय और असुरक्षा का वातावरण उत्पन्न हो गया है। घटनाओं की सूचना मिलते ही पुलिस और केंद्रीय बलों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास शुरू कर दिया है। संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा बलों की तैनाती बढ़ा दी गई है तथा हालात पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। वहीं, राजनीतिक दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है, जिससे आगामी समय में स्थिति और अधिक तनावपूर्ण होने की आशंका जताई जा रही है।
