
आसनसोल। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के प्रथम चरण से पहले सोमवार को आसनसोल जिले में भारतीय जनता पार्टी की एक अहम और रणनीतिक बैठक आयोजित की गई। इस महत्वपूर्ण बैठक में राजस्थान के खंडार से भाजपा विधायक एवं आसनसोल जिला प्रभारी जितेंद्र गोठवाल, केंद्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी, उत्तराखंड के स्वास्थ मंत्री धन सिंह रावत सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने भाग लिया।
बैठक के दौरान आगामी चुनाव को लेकर विस्तृत रणनीति पर मंथन किया गया। संगठनात्मक मजबूती, बूथ स्तर तक तैयारी, विकास के प्रमुख मुद्दों को जन-जन तक पहुंचाने और केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी प्रचार-प्रसार पर विशेष जोर दिया गया। नेताओं ने स्पष्ट रूप से कहा कि जनता तक सही जानकारी पहुंचाना और जमीनी स्तर पर सक्रियता बढ़ाना ही जीत की कुंजी होगा।
इस अवसर पर पश्चिम बंगाल में सुशासन स्थापित करने और आगामी चुनाव में प्रचंड विजय हासिल करने के संकल्प को एक बार फिर दृढ़ता के साथ दोहराया गया। बैठक में उपस्थित कार्यकर्ताओं में जोश, उत्साह और समर्पण का माहौल देखने को मिला, जो क्षेत्र में संभावित राजनीतिक परिवर्तन की दिशा में मजबूत संकेत दे रहा है।
बैठक में आसनसोल जिला अध्यक्ष देवतनु भट्टाचार्य सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे, जिन्होंने एकजुट होकर चुनावी अभियान को नई धार देने का भरोसा जताया।
