
जामुड़िया। जामुड़िया थाना क्षेत्र के केंदा फाड़ी अंतर्गत ईसीएल के केंदा एरिया स्थित न्यू केंदा कोलियरी के ईस्ट केंदा भुइया पाड़ा में रविवार शाम एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। यहां नव-निर्मित पानी की टंकी अचानक भरभरा कर गिर गई, जिसके मलबे में दबकर दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया।प्राप्त जानकारी के अनुसार, हाल ही में ठेकेदार के माध्यम से बनाई गई इस पानी टंकी में रविवार को पहली बार पानी भरा गया था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पानी भरने के कुछ ही देर बाद जब स्थानीय लोग टंकी के पानी का उपयोग कर रहे थे, तभी अचानक टंकी की दीवार ढह गई और पास खड़े तीन लोग उसके नीचे दब गए। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए तीनों घायलों को मलबे से निकालकर बहादुरपुर स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें रानीगंज स्थित रॉयल केयर अस्पताल रेफर कर दिया गया। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने प्रकाश भुइया (31 वर्ष) और पवन भुइया (20 वर्ष) को मृत घोषित कर दिया, जबकि भरत भुइया (10 वर्ष) का इलाज जारी है और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। प्रत्यक्षदर्शी बिनोद भुइया ने आरोप लगाया कि ईसीएल की ओर से ठेकेदार के माध्यम से बनाए गए इस पानी टंकी के निर्माण में बेहद निम्न स्तर की सामग्री का उपयोग किया गया था, जिसके कारण यह हादसा हुआ। उन्होंने कहा कि यदि निर्माण कार्य में गुणवत्ता का ध्यान रखा जाता, तो इस तरह की दुखद घटना नहीं होती। घटना के बाद इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है और मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा देने की भी अपील की है। वही प्रशासन की ओर से मामले की जांच शुरू कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि हादसे के कारणों की गहन जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
