
रानीगंज। पश्चिम बंगाल में आगामी 2026 के विधानसभा चुनाव जैसे-जैसे नजदीक आ रहे हैं, राज्य की राजनीतिक सरगर्मियां तेज होती जा रही हैं। सभी प्रमुख राजनीतिक दलों के साथ भारतीय जनता पार्टी भी पूरे जोर-शोर से चुनावी प्रचार में जुटी हुई है। इसी क्रम में रविवार को पश्चिम बर्धमान जिले के रानीगंज में भाजपा द्वारा एक विशाल कार्यकर्ता सभा का आयोजन किया गया। रानीगंज स्पोर्ट्स एसेम्बली में आयोजित इस सभा में भारत सरकार के केंद्रीय कोयला मंत्री जी. किशन रेड्डी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने रानीगंज विधानसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी पार्थ घोष के समर्थन में कार्यकर्ताओं और समर्थकों को संबोधित किया। सभा स्थल पर पहुंचने पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने उन्हें फूल-मालाओं और जोरदार नारों के साथ भव्य स्वागत किया। अपने संबोधन में केंद्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी ने विपक्षी दलों पर तीखा प्रहार करते हुए कहा, “चार मई के बाद पश्चिम बंगाल में कमल खिलेगा और एक नए युग की शुरुआत होगी।” उन्होंने दावा किया कि राज्य में वर्षों से सत्ता में रहे दल और वर्तमान सरकार, दोनों ही विकास के मुद्दे पर पूरी तरह विफल रहे हैं। उन्होंने जनता से भाजपा को अवसर देने की अपील करते हुए कहा कि पार्टी सत्ता में आने पर वास्तविक विकास सुनिश्चित करेगी। केंद्रीय मंत्री ने यह भी कहा कि वे हमेशा आम जनता की समस्याओं के समाधान के लिए तत्पर रहते हैं और जरूरत पड़ने पर लोग सीधे उनसे संपर्क कर सकते हैं। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि रानीगंज क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं से उन्हें भाजपा प्रत्याशी पार्थ घोष पहले ही अवगत करा चुके हैं। वहीं, भाजपा प्रत्याशी पार्थ घोष ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए ‘डबल इंजन सरकार’ बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा, “रानीगंज के विभिन्न इलाकों में जनसंपर्क के दौरान जनता का व्यापक समर्थन मिल रहा है। इस बार रानीगंज सहित पूरे पश्चिम बंगाल में भाजपा सरकार बनेगी।” उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि भाजपा की सरकार बनने पर क्षेत्र में बंद पड़े उद्योगों को पुनः चालू करने के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे। इस कार्यकर्ता सभा में भाजपा के ब्लॉक अध्यक्ष शमशेर सिंह सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और समर्थक उपस्थित रहे। सभा को लेकर पूरे इलाके में राजनीतिक उत्साह और हलचल देखी गई।
