चुनाव 26 : जीत के संकल्प के साथ श्रीरामपुर में भाजपा उम्मीदवारों ने किया नामांकन

 

हुगली, 07 अप्रैल । पश्चिम बंगाल में सत्ता परिवर्तन के संकल्प के साथ हुगली जिले के श्रीरामपुर में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवारों ने मंगलवार को जोरदार शक्ति प्रदर्शन के बीच नामांकन दाखिल किया। विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों से आए भाजपा प्रत्याशियों ने रैली, नारों और समर्थकों की भारी भीड़ के साथ चुनावी मैदान में अपनी दावेदारी पेश की।
श्रीरामपुर विधानसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार भास्कर भट्टाचार्य ने रिषड़ा के बागखाल क्षेत्र से विशाल रैली निकालते हुए श्रीरामपुर महकमा शासक (एसडीओ) कार्यालय पहुंचकर नामांकन दाखिल किया। इस दौरान उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा कि उमड़ी भीड़ यह संकेत दे रही है कि श्रीरामपुर में भाजपा भारी मतों से जीत दर्ज करेगी।

उन्होंने दावा किया कि राज्य में परिवर्तन निश्चित है और जनता जल्द ही भाजपा के सुशासन का अनुभव करेगी। नामांकन के दौरान भाजपा उम्मीदवार के साथ हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मौजूद रहे।
जंगीपाड़ा से भाजपा उम्मीदवार प्रसनजीत बाग ट्रैक्टर पर सवार होकर नामांकन दाखिल करने पहुंचे। उनके साथ बड़ी संख्या में समर्थक भी मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि तृणमूल कांग्रेस के शासन में किसानों की स्थिति बदतर हुई है। खुद को किसान पुत्र बताते हुए उन्होंने कहा कि इस बार जंगीपाड़ा में भाजपा की प्रचंड जीत होगी और राज्य में बदलाव तय है।
चंडीतल्ला विधानसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार देवाशीष मुखर्जी ने भी समर्थकों के साथ श्रीरामपुर एसडीओ कार्यालय में नामांकन दाखिल किया। उन्होंने विश्वास जताया कि चार मई को मतगणना के बाद तृणमूल कांग्रेस सरकार का अंत होगा। साथ ही उन्होंने स्थानीय विधायक के प्रति जनता में नाराजगी का हवाला देते हुए अपनी जीत का दावा किया।
उत्तरपाड़ा से भाजपा उम्मीदवार दीपांजन चक्रवर्ती ने भी भारी भीड़ के साथ नामांकन दाखिल किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता बदलाव चाहती है और तृणमूल कांग्रेस के शासन से परेशान है। उन्होंने भरोसा जताया कि उत्तरपाड़ा सहित पूरे राज्य में भाजपा की सरकार बनेगी।
चांपदानी विधानसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार दिलीप सिंह ने भी नामांकन दाखिल किया। पिछली बार उन्हें तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार अरिंदम गुईन से हारना पड़ा था। हालांकि इस बार उन्होंने अपनी जीत को लेकर पूरा भरोसा जताया।

दिनभर श्रीरामपुर में राजनीतिक गतिविधियां तेज रहीं और भाजपा समर्थकों की भीड़ ने चुनावी माहौल को गरमा दिया। उम्मीदवारों ने एक स्वर में राज्य में सत्ता परिवर्तन का दावा करते हुए जनता से समर्थन की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *