
कोलकाता, 04 अप्रैल । तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और डायमंड हार्बर से सांसद अभिषेक बनर्जी ने शनिवार को भाजपा के “डबल इंजन सरकार” के नारे पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा का असली “डबल इंजन” लोकतांत्रिक संस्थाओं के दुरुपयोग और स्थानीय एजेंसियों के जरिए सांप्रदायिक तनाव फैलाने पर चल रहा है।
सोशल मीडिया पर जारी अपने बयान में बनर्जी ने कहा कि भाजपा का एक इंजन लोकतांत्रिक संस्थाओं का दुरुपयोग करने में लगा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भारत निर्वाचन आयोग का इस्तेमाल कर असली मतदाताओं के नाम हटाने, ईमानदार अधिकारियों का तबादला कर राज्य की प्रशासनिक व्यवस्था को अस्थिर करने और बाहरी लोगों को लाकर चुनावी प्रक्रिया को प्रभावित करने की कोशिश की जा रही है।
उन्होंने आगे कहा कि भाजपा का दूसरा इंजन स्थानीय एजेंटों की भर्ती कर सांप्रदायिक माहौल बिगाड़ने का काम कर रहा है। बनर्जी ने आरोप लगाया कि ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम), इंडियन सेकुलर फ्रंट (आईएसएफ) और आजाद यूनाइटेड पार्टी जैसे संगठनों को इस्तेमाल कर वोटों को बांटने और अशांति पैदा करने की कोशिश की जा रही है, ताकि भाजपा को चुनावी लाभ मिल सके।
तृणमूल नेता ने कहा कि पश्चिम बंगाल के लोग इस “गंदे खेल” को पूरी तरह समझ चुके हैं और राज्य की जनता भाजपा की रणनीति को सफल नहीं होने देगी।
उन्होंने विश्वास जताते हुए कहा कि बंगाल की जनता “मां-माटी-मानुष” की सरकार को ही चुनेगी। बनर्जी ने कहा कि राज्य में ऐसी सरकार बनेगी जो “लोगों की, लोगों के द्वारा और लोगों के लिए” होगी, न कि ऐसी सरकार जो लोगों से दूर हो।
उन्होंने कहा कि बंगाल के लोगों ने पहले ही तय कर लिया है कि वे लोकतांत्रिक मूल्यों और जनहित की राजनीति का समर्थन करेंगे।
