
पश्चिम मेदिनीपुर, 04 अप्रैल । पश्चिम मेदिनीपुर के विभिन्न विधानसभा सीटों पर भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में प्रचार के दौरान नारायणगढ़ विधानसभा क्षेत्र के बेलदा स्थित गौरांग राइस मिल मैदान में शुक्रवार देर शाम भाजपा प्रत्याशी रमाप्रसाद गिरी के समर्थन में आयोजित एक विशाल कार्यकर्ता सभा में राज्य के नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी शामिल हुए। सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने तृणमूल कांग्रेस पर तीखा हमला बोला और दावा किया कि सत्तारूढ़ दल के भीतर चल रहा गुटीय संघर्ष ही आगामी चुनाव में भाजपा की जीत का रास्ता साफ करेगा।
सभा में उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से आंतरिक मतभेद भुलाकर एकजुट होकर चुनाव लड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि चुनावी मैदान में संगठन की एकता ही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है और सभी कार्यकर्ताओं को मिलकर भाजपा की जीत सुनिश्चित करनी होगी।
अपने भाषण की शुरुआत में उन्होंने राज्य के पूर्व मुख्य निर्वाचन अधिकारी आरिज आफताब की आलोचना करते हुए आरोप लगाया कि पिछले छह वर्षों में राज्य में निष्पक्ष चुनाव नहीं होने दिए गए और सीसीटीवी कैमरे बंद कर ‘छप्पा वोट’ की संस्कृति बनाई गई। हालांकि उन्होंने कहा कि इस बार परिस्थितियां बदली हुई हैं और केंद्रीय बलों की निगरानी में निष्पक्ष मतदान होगा।
उन्होंने कहा कि केंद्रीय नेतृत्व ने उन पर पूरा भरोसा जताया है। नंदीग्राम को बनाए रखने के साथ-साथ भवानीपुर में भी उम्मीदवार उतारने की जिम्मेदारी उन्हें सौंपी गई है। उन्होंने दावा किया कि मुख्यमंत्री को दूसरी बार हराने का जो अवसर मिला है, उसे वह सफल बनाएंगे और इस बार एक भी वोट इधर-उधर नहीं होने दिया जाएगा।
दांतन और आसपास के क्षेत्रों का उल्लेख करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि तृणमूल नेतृत्व ने आदिवासी और कुर्मी समुदाय के बीच विभाजन पैदा करने की कोशिश की, लेकिन इसमें सफलता नहीं मिली। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि भाजपा की सरकार बनने पर महिलाओं को प्रतिमाह तीन हजार रुपये और आंदोलनकारियों के लिए ‘संघर्ष भत्ता’ देने की व्यवस्था की जाएगी।
सभा के अंत में उन्होंने कहा कि शनिवार को वे पश्चिम मेदिनीपुर में उम्मीदवारों के नामांकन पत्र दाखिल करने के उपस्थित रहेंगे ।वहीं खड़गपुर में भी दिलीप घोष के नामांकन के लिए दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और शुभेंदु अधिकारी उपस्थित रहेंगे।
सभा के अंत में उन्होंने बताया कि शनिवार को वह पश्चिम मेदिनीपुर में भाजपा उम्मीदवारों के नामांकन पत्र दाखिल करने के कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे। साथ ही खड़गपुर में भाजपा प्रत्याशी दिलीप घोष के नामांकन के अवसर पर के साथ दिल्ली की मुख्यमंत्री भी उपस्थित रहेंगी।
