इंटक के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सीके सिंह ने बर्नपुर कार्यालय में पदाधिकारियों संग की मंथन बैठक

आसनसोल, 03 अप्रैल । इंडियन नेशनल ट्रेड यूनियन कांग्रेस (इंटक) की ओर से शुक्रवार को बर्नपुर स्थित इंटक कार्यालय में एक महत्वपूर्ण सम्मेलन एवं मंथन बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में इंटक के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष विशेष रूप से उपस्थित रहे।

यह सम्मेलन आसनसोल आयरन एंड स्टील वर्कर्स यूनियन तथा ठेका मजदूर कांग्रेस के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में स्थानीय नेता समेत संगठन के कई पदाधिकारी मौजूद थे। इस दौरान स्थानीय नेतृत्व द्वारा सी.के. सिंह का भव्य स्वागत किया गया। बताया गया कि वह इंटक के पर्यवेक्षक (ऑब्जर्वर) के रूप में यहां पहुंचे हैं।
सम्मेलन के दौरान चंद्र प्रकाश सिंह का परिचय स्थानीय इंटक नेतृत्व और कार्यकर्ताओं से कराया गया। साथ ही संगठन को मजबूत करने और मजदूरों के हितों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।

अपने संबोधन में उन्होंने बताया कि 28 फरवरी को कोलकाता में यूनियन प्रतिनिधियों से मुलाकात के बाद वह दुर्गापुर और सिलीगुड़ी के दौरे पर हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनके इस दौरे का मुख्य उद्देश्य बड़ी सभाओं को संबोधित करना नहीं, बल्कि अलग-अलग यूनियनों से मिलकर संगठन को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि उन्हें बंगाल का दायित्व सौंपा गया है, जिसके तहत वह लगातार राज्य का दौरा कर रहे हैं।

उन्होंने अपने लंबे अनुभव का जिक्र करते हुए कहा कि 1975 में, जब अध्यक्ष थे, तब उन्हें बंगाल का पर्यवेक्षक बनाया गया था और तब से वह लगातार इस भूमिका में कार्य कर रहे हैं।

केंद्र सरकार की नीतियों पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि कोविड काल में बिना पर्याप्त बहस के श्रम संहिताएं लागू की गईं, जो मजदूर हितों के खिलाफ हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि ये नीतियां पूंजीपतियों के हित में बनाई गई हैं, जिससे ठेका श्रमिकों की संख्या तेजी से बढ़ रही है और स्थायी कर्मचारियों की संख्या घट रही है।

उन्होंने कहा कि वर्तमान में स्थायी कर्मियों की संख्या घटकर 10–20 प्रतिशत रह गई है, जबकि ठेका श्रमिक 80–90 प्रतिशत तक पहुंच चुके हैं, जो ट्रेड यूनियनों के लिए एक बड़ी चुनौती है। उन्होंने सभी यूनियनों से एकजुट होकर इस मुद्दे पर संघर्ष करने का आह्वान किया।

बंगाल के ऐतिहासिक महत्व का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि यह क्रांति की भूमि रही है और यहां से देश को कई बड़े नेता मिले हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि बंगाल एक बार फिर इंटक और कांग्रेस के लिए नया इतिहास लिखेगा। उन्होंने विधानसभा चुनाव में कांग्रेस उम्मीदवारों को शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर चंडी बनर्जी, आर.पी. शर्मा, नरेंद्र चंचल घाटी, हराधन मंडल, विकास घटक, हरजीत सिंह, अजय राय, विजय सिंह, बिपलब मांझी सहित कई अन्य लोग उपस्थित थे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *