अंडाल में भीषण अग्निकांड, कपड़े की दुकान जलकर खाक — फायर सुरक्षा पर उठे सवाल*

अंडाल। अंडाल थाना क्षेत्र अंतर्गत नाथ बाजार स्थित कबीराज गली में शुक्रवार तड़के एक कपड़े की दुकान में भीषण आग लगने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। भोर के समय लगी यह आग कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर गई, जिससे आसपास के लोगों में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग इतनी तेजी से फैली कि दुकान में रखा सारा सामान देखते ही देखते जलकर राख हो गया। आग की लपटें और धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई दे रहा था, जिससे स्थानीय लोग भयभीत हो उठे। वही घटना की सूचना मिलते ही अंडाल थाना पुलिस और दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। हालांकि आग की तीव्रता अधिक होने के कारण दमकल कर्मियों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा और लंबे समय तक कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। वही स्थानीय निवासी टुटू गुप्ता ने बताया कि सुबह करीब 4 बजे उन्हें आग लगने की जानकारी मिली। उन्होंने कहा कि कुछ ही मिनटों में आग ने पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया। आग लगने के कारणों का अभी तक स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है, लेकिन प्राथमिक रूप से शॉर्ट सर्किट या किसी प्रकार की साजिश की आशंका जताई जा रही है। वही फिलहाल अधिकारीयों के अनुसार आग पूरी तरह से नियंत्रित होने के बाद ही नुकसान का सही आकलन किया जा सकेगा, हालांकि प्रारंभिक तौर पर लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। इस घटना के बाद इलाके में भय और चिंता का माहौल व्याप्त है। वहीं, फायर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। रानीगंज से भाजपा प्रत्याशी पार्थो घोष ने घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि क्षेत्र में फायर सुरक्षा नियमों की अनदेखी की जा रही है, यह सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बहुत बड़ा सवाल है जिसके कारण इस तरह की घटनाएं सामने आ रही हैं। उन्होंने प्रशासन से मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *