अभिजीत घटक ने शक्ति प्रदर्शन के साथ किया नामांकन, 50 हजार वोटों से जीत का दावा

कुल्टी। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के मद्देनज़र कुल्टी विधानसभा क्षेत्र में तृणमूल कांग्रेस की चुनावी तैयारियां तेज़ हो गई हैं। इसी क्रम में पार्टी के अधिकृत उम्मीदवार अभिजीत घटक ने गुरुवार को भव्य शक्ति प्रदर्शन के साथ पश्चिम बर्दवान जिला शासक कार्यालय में अपना नामांकन पत्र दाखिल किया।
नामांकन के दौरान उनके साथ पूर्व विधायक एवं वरिष्ठ तृणमूल नेता उज्जवल चटर्जी सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता एवं समर्थक उपस्थित रहे। समर्थकों के उत्साह और जनसैलाब ने यह स्पष्ट संकेत दिया कि कुल्टी विधानसभा सीट पर तृणमूल कांग्रेस मज़बूत स्थिति में है।
नामांकन के उपरांत मीडिया से बातचीत में अभिजीत घटक ने विश्वास जताया कि तृणमूल कांग्रेस कुल्टी सीट पर 50 हजार वोटों के भारी अंतर से विजय प्राप्त करेगी। उन्होंने कहा कि यह जीत पार्टी सुप्रीमो एवं पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को समर्पित होगी।
उन्होंने आगे कहा कि वे निरंतर क्षेत्र की जनता के संपर्क में हैं, उनकी समस्याओं को समझते हुए समाधान के लिए प्रतिबद्ध हैं। कुल्टी की जनता इस बार विकास, शांति और ‘मां, माटी, मानुष’ की विचारधारा के पक्ष में मतदान करेगी।
अभिजीत घटक ने यह भी कहा कि पूर्व विधायक उज्जवल चटर्जी उनके मार्गदर्शक एवं अभिभावक के रूप में उनके साथ हैं। उनके अनुभव और सहयोग से संगठन और अधिक सशक्त हुआ है तथा चुनावी रणनीति को नई दिशा मिली है।
तृणमूल कांग्रेस को पूर्ण विश्वास है कि कुल्टी की जनता एक बार फिर पार्टी पर भरोसा जताते हुए भारी मतों से विजय दिलाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *