कोलकाता में ईडी का छापा: कारोबारी ‘सोना पप्पू’ के ठिकानों पर छापेमारी, वसूली के आरोप


कोलकाता, 1 अप्रैल 2026 । पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बुधवार सुबह कोलकाता के कई ठिकानों पर छापेमारी की। दक्षिण कोलकाता के कसबा इलाके में कारोबारी विश्वजीत पोद्दार उर्फ ‘सोना पप्पू’ के फर्न रोड स्थित आवास सहित बालीगंज की ‘सन एंटरप्राइज’ कंपनी के कार्यालय पर तलाशी ली गई।
ईडी सूत्रों के अनुसार, सोना पप्पू पर वसूली, धमकी और आपराधिक गतिविधियों के चार-पांच मामले दर्ज हैं। जांच में आरोप है कि कसबा-बालीगंज क्षेत्रों में उनके सिंडिकेट निर्माण कंपनियों से करोड़ों रुपये वसूलते थे, जो प्रभावशाली लोगों तक पहुंचाए जाते थे। सुबह सात बजे ईडी अधिकारी केंद्रीय बलों के साथ उनके घर पहुंचे।
स्थानीय चर्चाओं में सोना पप्पू को रासबिहारी विधानसभा सीट से तृणमूल कांग्रेस उम्मीदवार देवाशीष कुमार के करीबी बताया जाता है। सोमवार को देवाशीष को ईडी ने पूछताछ के लिए तलब किया था। कुछ माह पूर्व रवींद्र सरोवर और गोलपार्क में गुटबाजी की घटनाओं में भी उनका नाम आया, हालांकि उन्होंने इनकार किया है।
सोना पप्पू ने कहा, “मेरे ऊपर लगे सभी आरोप झूठे हैं। झड़पों से मेरा कोई लेना-देना नहीं।” ईडी की कार्रवाई दक्षिण कोलकाता के अन्य स्थानों पर जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *