फॉर्म-6 को लेकर सियासी घमासान, सीईओ ऑफिस परिसर में तृणमूल समर्थित बीएलओ का प्रदर्शन

कोलकाता, 31 मार्च । पश्चिम बंगाल में जारी चुनावी प्रक्रिया के बीच मतदाता सूची में कथित गड़बड़ी को लेकर सियासी माहौल गरमा गया है। मंगलवार को फॉर्म-6 के मुद्दे पर सीईओ (मुख्य निर्वाचन अधिकारी) कार्यालय परिसर में तृणमूल समर्थित बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर) ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।

इससे एक दिन पहले ही अभिषेक बनर्जी ने आरोप लगाया था कि फॉर्म-6 भरकर बिहार और उत्तर प्रदेश के मतदाताओं को पश्चिम बंगाल की मतदाता सूची में जोड़ा जा रहा है। इसी आरोप को लेकर मंगलवार सुबह से ही तृणमूल समर्थक बीएलओ कार्यालय के बाहर विरोध में उतर आए।

प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि बैग में भरकर बड़ी संख्या में फॉर्म-6 लाए जा रहे हैं, जिसके जरिए मतदाता सूची में हेरफेर किया जा रहा है। पुलिस ने जब प्रदर्शन को रोकने की कोशिश की तो स्थिति तनावपूर्ण हो गई और प्रदर्शनकारियों तथा पुलिस के बीच धक्का-मुक्की भी हुई।इस दौरान तृणमूल समर्थकों ने भाजपा पर भी हमला करने का आरोप लगाया। पूरे घटनाक्रम के चलते सीईओ कार्यालय परिसर में तनाव का माहौल बना हुआ है और राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *