रानीगंज के हनुमान गढ़ी मंदिर में हनुमंत प्रतिष्ठा का द्वितीय वार्षिक महोत्सव, श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़,तीन दिवसीय धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन

रानीगंज। रानीगंज के भवानी स्थान स्थित श्री 108 हनुमान गढ़ी मंदिर में मंगलवार को श्री हनुमंत प्रतिष्ठा का द्वितीय वार्षिक उत्सव अत्यंत श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाया गया। समाजसेवी युवराज पाण्डेय के नेतृत्व में आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया और वातावरण भक्तिमय बना रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ भव्य कलश शोभा यात्रा एवं वेदी पूजन के साथ हुआ। इस कलश यात्रा में विशेष रूप से महिलाओं की सहभागिता उल्लेखनीय रही, जिन्होंने पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ इसमें भाग लिया। मंदिर परिसर जय श्रीराम और बजरंगबली के जयकारों से गुंजायमान हो उठा। इस अवसर पर आयोजक युवराज पाण्डेय के साथ संगीता पाण्डेय, सोनू गुप्ता, प्रिंस पाण्डेय, करण दुबे एवं गोपाल पाण्डेय सहित पाण्डेय परिवार के अन्य सदस्य उपस्थित रहे और कार्यक्रम की व्यवस्था में सक्रिय भूमिका निभाई। इस दौरान युवराज पाण्डेय ने जानकारी देते हुए बताया कि हनुमान जयंती के पावन अवसर पर इस मंदिर की स्थापना की गई थी और इस वर्ष श्री हनुमंत प्रतिष्ठा का द्वितीय वार्षिक उत्सव मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य क्षेत्र में धार्मिक भावना को सुदृढ़ करना तथा लोगों को आध्यात्मिकता से जोड़ना है। तीन दिवसीय इस धार्मिक आयोजन के अंतर्गत 108 कलश यात्रा का आयोजन किया गया। बुधवार को अखंड रामायण पाठ संपन्न होगा, वहीं 2 अप्रैल को विशेष पूजा-अर्चना एवं विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। इस अवसर पर कोलकाता से पधारे विद्वान पंडित शिवकुमार वेदपाठी ने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए भगवान श्रीराम एवं बजरंगबली के नाम की महिमा का विस्तार से वर्णन किया तथा सभी से इस धार्मिक आयोजन में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया। आयोजकों ने क्षेत्र के सभी श्रद्धालुओं से आग्रह किया है कि वे 2 अप्रैल को मंदिर पहुंचकर विशेष पूजा-अर्चना में भाग लें तथा भंडारे का प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ अर्जित करें। पूरे आयोजन के दौरान मंदिर परिसर में भक्ति, आस्था और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *