
आसनसोल। पश्चिम बंगाल में जारी चुनावी माहौल के बीच पुलिस द्वारा सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सख्ती लगातार बढ़ाई जा रही है। इसी क्रम में आसनसोल दक्षिण थाना क्षेत्र के कालिपहाड़ी मोड़ पर चलाए गए नाका चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। जांच के दौरान एक चारपहिया वाहन से भारी मात्रा में विदेशी एवं भारतीय मुद्रा बरामद की गई।प्राप्त जानकारी के अनुसार, कोलकाता से आसनसोल की ओर आ रही एक संदिग्ध कार को कालिपहाड़ी मोड़ पर रोककर उसकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वाहन से लगभग 400 अमेरिकी डॉलर तथा 6200 दुबई की मुद्रा बरामद की गई। इसके अलावा करीब डेढ़ लाख रुपये भारतीय नकद भी पुलिस ने जब्त किया। इस मामले में वाहन में सवार एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पुलिस ने उससे गहन पूछताछ की। हालांकि, बाद में आवश्यक कागजात प्रस्तुत किए जाने के पश्चात उसे छोड़ दिया गया। बरामद की गई इतनी बड़ी मात्रा में देशी एवं विदेशी मुद्रा को लेकर पुलिस विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह जांच की जा रही है कि उक्त राशि कहां से लाई जा रही थी और इसका उपयोग किस उद्देश्य से किया जाना था। फिलहाल सभी बरामद मुद्रा को जब्त कर लिया गया है तथा आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
