जामुड़िया में गैस संकट पर भड़का जनाक्रोश, सिलेंडर नहीं मिलने से सड़क जाम

जामुड़िया।।अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चल रहे युद्ध और उससे उत्पन्न आपूर्ति संकट का असर अब स्थानीय स्तर पर भी दिखाई देने लगा है। जामुड़िया क्षेत्र में रसोई गैस की किल्लत को लेकर लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। बुधवार को जामुड़िया के दामोदरपुर स्थित कोलफील्ड एचपी गैस एजेंसी के सामने सैकड़ों की संख्या में उपभोक्ता एकत्रित हो गए और गैस सिलेंडर नहीं मिलने से नाराज होकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। आक्रोशित उपभोक्ताओं ने जामुड़िया-हरिपुर मुख्य सड़क को दामोदरपुर मोड़ के समीप अवरुद्ध कर दिया। प्रदर्शन के दौरान लोगों ने सड़क के बीचों-बीच गैस सिलेंडर रखकर जाम लगा दिया, जिससे आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया। सुबह करीब 8 बजे से शुरू हुआ यह विरोध प्रदर्शन लगभग एक घंटे तक चला, जिसके कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।प्रदर्शन कर रहे उपभोक्ताओं का आरोप था कि लंबे समय से गैस की आपूर्ति बाधित है और उन्हें समय पर सिलेंडर नहीं मिल रहा है। कई लोगों ने बताया कि बुकिंग कराने के बावजूद उन्हें गैस उपलब्ध नहीं कराई जा रही, जिससे उनके घरों में खाना बनाना तक मुश्किल हो गया है।

घटना की सूचना मिलते ही जामुड़िया थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया।पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझा-बुझाकर सड़क जाम हटाने के लिए राजी किया। पुलिस के अनुरोध पर लोगों ने सड़क अवरोध हटा दिया,जिससे यातायात व्यवस्था पुनः सामान्य हो सकी। हालांकि, सड़क जाम हटाने के बाद भी उपभोक्ताओं का आक्रोश शांत नहीं हुआ। सभी लोग गैस एजेंसी के सामने डटे रहे और शीघ्र गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने की मांग को लेकर प्रदर्शन जारी रखा। इस घटना ने स्थानीय प्रशासन और गैस आपूर्ति व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। उपभोक्ताओं ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो वे और भी बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *