जामुड़िया में प्रचार के दौरान आदिवासी महिलाओं के सवालों से घिरे तृणमूल प्रत्याशी हरेराम सिंह, अधूरे वादों पर बढ़ा आक्रोश

जामुड़िया।  जामुड़िया विधानसभा क्षेत्र में चुनावी सरगर्मी के बीच तृणमूल कांग्रेस के प्रत्याशी हरेराम सिंह को सोमवार को चुनाव प्रचार के दौरान स्थानीय आदिवासी महिलाओं के तीखे सवालों का सामना करना पड़ा। महिलाओं ने वर्ष 2021 के विधानसभा चुनाव के दौरान किए गए वादों को पूरा न करने का आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ नाराजगी जताई। ज्ञात हो कि 2026 के विधानसभा चुनाव में फिर दूसरी बार तृणमूल कांग्रेस के टिकट पर मैदान में उतरे हरेराम सिंह सोमवार को जामुड़िया विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत निघा स्थित वैरागीबागान इलाके में जनसंपर्क अभियान के तहत पहुंचे थे। आरोप है कि जैसे ही वे क्षेत्र में पहुंचे, वहां की आदिवासी महिलाएं उन्हें घेरकर पिछले पांच वर्षों में विकास कार्यों को लेकर सवाल पूछने लगीं। हालांकि, महिलाओं का दावा है कि उन्होंने उनके सवालों का जवाब देने के बजाय केवल हाथ जोड़कर वहां से चले जाना ही उचित समझा। इस घटना के बाद क्षेत्र के आदिवासी समुदाय में आक्रोश व्याप्त है। स्थानीय महिलाओं ने मीडिया से बातचीत में कहा कि बीते पांच वर्षों में इलाके में कोई ठोस विकास कार्य नहीं हुआ। उन्होंने बताया कि आदिवासी समाज के लिए ‘मांझी थान’ के निर्माण, एक मैरिज हॉल की व्यवस्था तथा घर-घर शौचालय निर्माण की मांग विधायक के समक्ष कई बार रखी गई थी, लेकिन इन मांगों पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। वही महिलाओं ने यह भी आरोप लगाया कि हर चुनाव से पहले नेता केवल वोट मांगने के लिए आते हैं, लेकिन चुनाव के बाद उनकी समस्याओं की ओर कोई ध्यान नहीं दिया जाता। वैरागीबागान क्षेत्र में कई आदिवासी परिवार निवास करते हैं, इसके बावजूद क्षेत्र के समग्र विकास में जनप्रतिनिधि विफल रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस बार उन्हें उम्मीद थी कि चुनाव प्रचार के दौरान वे अपनी समस्याएं सीधे प्रत्याशी के सामने रख पाएंगे, लेकिन उनकी बात सुने बिना ही प्रचार समाप्त कर चले जाने से वे बेहद निराश हैं। वहीं, इस पूरे मामले में तृणमूल प्रत्याशी हरेराम सिंह की ओर से कोई विस्तृत प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। उन्होंने केवल इतना कहा कि “लोग तृणमूल को वोट देने के लिए तैयार हैं।”अब जामुड़िया विधानसभा क्षेत्र में यह सवाल उठ रहा है कि चुनाव के दौरान जनता से किए जाने वाले वादे क्या वास्तव में भविष्य में पूरे होंगे या नहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *