आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के पुलिस कमिश्नर प्रणव कुमार ने कुल्टी थाना का किया निरीक्षण

आसनसोल। आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के पुलिस कमिश्नर प्रणव कुमार ने कुल्टी थाना का दौरा कर कानून-व्यवस्था की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने थाना परिसर में मौजूद पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और चुनावी माहौल को लेकर विस्तृत जानकारी प्राप्त की। कमिश्नर ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सतर्कता और निगरानी को और मजबूत किया जाए। खासकर संवेदनशील इलाकों में नियमित गश्त और सख्त निगरानी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। इसी क्रम में कुल्टी स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-19 पर डीबूडीह चेक पोस्ट की सुरक्षा व्यवस्था को भी विशेष प्राथमिकता दी जा रही है। यहां बाहरी राज्यों से आने-जाने वाले वाहनों की गहन जांच की जा रही है, ताकि किसी भी प्रकार के अवैध हथियार, नकदी या अन्य गैर-कानूनी सामग्री को क्षेत्र में प्रवेश करने से रोका जा सके। पुलिस द्वारा लगातार सघन नाका चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
इस निरीक्षण के दौरान पुलिस कमिश्नर के साथ डीसी वेस्ट सना अख्तर और एसीपी कुल्टी भी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने संयुक्त रूप से सुरक्षा व्यवस्था का आकलन किया और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। वही प्रशासन के इस सक्रिय कदम से स्पष्ट है कि आगामी समय में कानून-व्यवस्था को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी और क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने के लिए हर संभव कदम उठाए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *