चुनाव से पहले तृणमूल को झटका: तृणमूल नेता खोकन मियां कांग्रेस में शामिल


कूचबिहार, 21 मार्च । विधानसभा चुनाव 2026 से पहले कूचबिहार जिले में तृणमूल कांग्रेस को बड़ा झटका लगा। पार्टी के स्थापना काल से जुड़े वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री रवींद्रनाथ घोष के करीबी खोकन मियां ने शनिवार को तृणमूल छोड़कर कांग्रेस का दामन थाम लिया।
जिला कांग्रेस कार्यालय में कांग्रेस नेताओं धीरज कुमार साहू और प्रदीप कुमार बलमुचू की मौजूदगी में खोकन मियां ने सदस्यता ग्रहण की। इस दौरान वे भावुक नजर आए और कई बार रो पड़े।
करीब 28 वर्षों तक तृणमूल से जुड़े रहने वाले खोकन मियां ने पार्टी पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा, “तृणमूल अब पार्टी नहीं, बल्कि एक कॉरपोरेट संस्था बन गई है। पुराने कार्यकर्ताओं को कोई सम्मान नहीं मिल रहा। टिकट बंटवारे में पुराने नेताओं की अनदेखी कर नए चेहरों को प्राथमिकता दी जा रही है। इसी अपमान के कारण मैंने पार्टी छोड़ने का फैसला लिया।”
खोकन मियां पहले युवा अध्यक्ष, ब्लॉक अध्यक्ष और जिला परिषद के महत्वपूर्ण पदों पर रहे हैं। राजनीतिक हलकों में चर्चा है कि कांग्रेस उन्हें कूचबिहार दक्षिण विधानसभा सीट से उम्मीदवार बना सकती है।
तृणमूल नेताओं का कहना है कि असंतोष स्वाभाविक है, लेकिन पार्टी के अंदर रहकर मुद्दों को सुलझाना चाहिए था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *