मंदिर में पूजा-अर्चना कर भाजपा उम्मीदवार पाथों घोष ने रानीगंज में चुनावी अभियान की शुरुआत, जनसमस्याओं को बनाया मुद्दा

रानीगंज। रानीगंज विधानसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी द्वारा गुरुवार को पाथों घोष को उम्मीदवार घोषित किए जाने के बाद क्षेत्र के पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। घोषणा के तुरंत बाद से ही कार्यकर्ता सक्रिय हो गए हैं और चुनावी तैयारियों को तेज कर दिया गया है। इसी क्रम में भाजपा उम्मीदवार पाथों घोष ने शुक्रवार को मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर अपने चुनावी अभियान की औपचारिक शुरुआत की। पूजा के उपरांत उन्होंने क्षेत्र में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया और आम लोगों से समर्थन की अपील की। इस दौरान पत्रकारों से बातचीत के दौरान पाथों घोष ने रानीगंज विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न ज्वलंत समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र लंबे समय से कई गंभीर समस्याओं से जूझ रहा है, जिनमें प्रदूषण, अवैध कोयला कारोबार, जाम की समस्या तथा पेयजल संकट प्रमुख हैं। उन्होंने इन समस्याओं के शीघ्र एवं स्थायी समाधान की आवश्यकता पर बल दिया।
पाथों घोष ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी इन जनसमस्याओं को प्राथमिकता के साथ चुनावी मुद्दा बना रही है और इन्हीं मुद्दों को लेकर जनता के बीच जा रही है। उन्होंने दावा किया कि जनसंपर्क अभियान के दौरान उन्हें आम लोगों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है और क्षेत्र की जनता परिवर्तन के लिए तैयार है।उन्होंने आगे कहा कि यदि उन्हें जनता का समर्थन प्राप्त होता है, तो वे रानीगंज के समग्र विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेंगे तथा स्थानीय समस्याओं के समाधान के लिए ठोस और प्रभावी कदम उठाएंगे। भाजपा उम्मीदवार ने विश्वास व्यक्त किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में रानीगंज सीट पर पार्टी भारी मतों से विजय प्राप्त करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *