
जामुड़िया। जामुड़िया थाना के केंदा पुलिस फाड़ी क्षेत्र अंतर्गत कुनुस्तोड़िया मोड़ स्थित 60 नंबर राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार को एक तेज रफ्तार 18 चक्का ट्रेलर के अनियंत्रित हो जाने से बड़ा सड़क हादसा हो गया। इस दुर्घटना में तीन मोटरसाइकिल और एक चारपहिया स्कॉर्पियो वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस भीषण हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह घटना शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे जामुड़िया के केंदा फांड़ी क्षेत्र के तपसी इलाके के अंतर्गत कुनुस्तोड़िया मोड़ के पास हुई। बताया जा रहा है कि एक 18 चक्का ट्रेलर रानीगंज के पंजाबी मोड़ से हरिपुर की ओर तेज गति से जा रहा था। इसी दौरान चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया और ट्रेलर ने पहले एक चलती चारपहिया स्कॉर्पियो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद ट्रेलर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़ी एक स्कूटी, एक बुलेट और एक पल्सर मोटरसाइकिल को भी रौंदते हुए क्षतिग्रस्त कर दिया। गलिमत रही की इस सड़क हादसा मे कोई हताहत नहीं हुआ और कोई जान-माल का नुकसान नहीं हुआ। वही इस दुर्घटना की सूचना मिलते ही जामुड़िया थाना के केंदा फांड़ी की पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालने का प्रयास किया। इस घटना के बाद बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए और आक्रोशित होकर सड़क जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने क्षेत्र में बार-बार हो रही दुर्घटनाओं को लेकर स्पीड ब्रेकर (बंपर) निर्माण की मांग की, इसके साथ ही क्षतिग्रस्त वाहनों के लिए मुआवजे की भी मांग भी किया गया। इस मौके स्थानीय तृणमूल कांग्रेस नेता राजू मुखर्जी ने बताया कि ट्रेलर अत्यधिक तेज गति में था, जिसके कारण यह दुर्घटना हुई। उन्होंने कहा कि इस स्थान पर अक्सर दुर्घटनाएं होती रहती हैं, इसलिए प्रशासन को तत्काल यहां बड़े स्तर पर स्पीड ब्रेकर का निर्माण करना चाहिए। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि प्रशासन से बातचीत कर क्षतिग्रस्त वाहनों के लिए मुआवजे की व्यवस्था कराई जाएगी। इस हादसे के कारण लगभग एक से डेढ़ घंटे तक राष्ट्रीय राजमार्ग जाम रहा, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। फिलहाल पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित कर यातायात बहाल कर दिया है, लेकिन एक ही स्थान पर बार-बार हो रही दुर्घटनाओं को लेकर स्थानीय लोगों में गहरा आक्रोश बना हुआ है।
